Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Grand Independence Day Sale
search-icon-img
Advertisement

US-Iran Conflict : होर्मुज में जहाज पर हमले के बाद अमेरिका का ईरान पर प्रहार, तेहरान ने खाड़ी देशों को फिर बनाया निशाना

जहाज पर हमले से भड़की जंग, 140 ठिकानों पर अमेरिकी बमबारी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
फ़ाइल फ़ोटो
Advertisement

US-Iran Conflict : अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर हमले के जवाब में रविवार तड़के ईरान पर हमला किया। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कतर, कुवैत, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को निशाना बनाकर हमले किए। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज पर हमला किया, जिससे उसमें आग लग गयी और उसके चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा। ईरान और अमेरिका के बीच 28 फरवरी को शुरू हुई जंग को हमेशा के लिए खत्म करने के वास्ते आगे की बातचीत में यह जलडमरूमध्य मुख्य अड़चन बन गया है।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरान के करीब 140 ठिकानों पर हवाई हमले करने के बाद अपनी हालिया सैन्य कार्रवाई का यह चरण पूरा कर लिया है। उसने कहा कि निशाना बनाए गए ठिकानों में मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थल, गोला-बारूद के भंडार, संचार उपकरण और अन्य केंद्र शामिल थे। सेंटकॉम ने बताया कि इन हमलों ने ''होर्मुज जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले असैन्य नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को लगातार कमजोर किया है।''

Advertisement

फारस की खाड़ी में नई झड़पें तब हुई हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान युद्ध को लेकर एक अंतरिम समझौता ''खत्म'' हो गया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''ईरान ने गलत विकल्प चुना। अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।'' ईरान की संसद के अध्यक्ष और प्रमुख वार्ताकारों में शामिल मोहम्मद बाघेर कलीबाफ ने इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''एकतरफा समझौतों का दौर अब खत्म हो चुका है। हमने आपसे कहा था- अपना वादा निभाइए, वरना कीमत चुकाइए। अब हकीकत दरवाजे पर दस्तक दे रही है।''

Advertisement

अमेरिका ने पिछले एक सप्ताह में ईरान को निशाना बनाकर तीन दौर के हवाई हमले किए हैं। ये हमले ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाजों पर किए गए हमलों के जवाब में किए गए। ये जहाज ऐसे मार्ग का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसका उद्देश्य ईरान के क्षेत्रीय जल से बचते हुए जलडमरूमध्य से गुजरना था। इसके जवाब में तेहरान ने क्षेत्र के उन देशों को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सैन्य बल तैनात हैं। साथ ही ईरान ने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर केवल उसका नियंत्रण होना चाहिए और वहां से गुजरने वाले जहाजों से वह संभावित रूप से शुल्क भी वसूल सकता है। कतर की सेना ने एक बयान में कहा कि उसने ईरान की ओर से किए गए हमलों को नाकाम कर दिया है। वहीं, पड़ोसी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि ईरानी हमलों को नाकाम किए जाने के दौरान गिरे मलबे और छर्रों की चपेट में आने से एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। कुवैत की सेना ने भी कहा कि वह देश को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों को नाकाम कर रही है। इस बीच, फारस की खाड़ी में स्थित द्वीपीय देश बहरीन में रविवार को तीसरी बार मिसाइल हमले की चेतावनी के सायरन बजे। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है। वहीं, ओमान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में स्थित कुछ ठिकानों पर ड्रोन हमले किए गए। यह क्षेत्र होर्मुज जलडमरूमध्य के किनारे स्थित है। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने इसकी जानकारी दी है।

Advertisement
×