US India Trade: मोदी मेरे करीबी मित्र, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर काम जारी: डोनाल्ड ट्रंप
US India Trade: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और उन्हें विश्वास है कि अमेरिका तथा भारत के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा। ट्रंप ने कहा, ''हम समझौते तक पहुंच...
US India Trade: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और उन्हें विश्वास है कि अमेरिका तथा भारत के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा।
ट्रंप ने कहा, ''हम समझौते तक पहुंच जाएंगे क्योंकि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बहुत पसंद करता हूं। वह मेरे अच्छे मित्र हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और हम एक समझौता करने जा रहे हैं।''
दोनों देशों के बीच जारी व्यापार वार्ताओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि भारत ने वर्षों तक अमेरिकी नीतियों का फायदा उठाया और अमेरिकी कंपनियों पर भारी शुल्क (टैरिफ) लगाया। ट्रंप ने कहा, ''उन्होंने हमारी कंपनियों पर बहुत अधिक शुल्क लगाया, जबकि हमने उन पर कुछ भी शुल्क नहीं लगाया।''
इस सप्ताह की शुरुआत में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत गया था और दोनों देशों के बीच अंतरिम द्विपक्षीय समझौते पर चार दिनों तक चली वार्ता बृहस्पतिवार को समाप्त हुई।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि ये व्यापार वार्ताएं सहयोग और व्यावहारिकता की भावना से हुईं तथा दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाले पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
