Ukraine-Russia War : शांति की नई उम्मीध, अमेरिकी मध्यस्थता में यूक्रेन-रूस वार्ता फिर होगी शुरू
वार्ता ऐसे समय में होने जा रही है जब मोर्चे पर लड़ाई जारी है
Ukraine-Russia War : यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में वार्ता का एक नया दौर संक्षिप्त रुप से स्थगित रहने के बाद इस सप्ताह फिर से शुरू होगा। क्रेमलिन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। वार्ता ऐसे समय में होने जा रही है जब मोर्चे पर लड़ाई जारी है और अंदर के इलाकों पर भी लंबी दूरी की मिसाइलों से घातक हमले किए जा रहे हैं।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुष्टि की है कि त्रिपक्षीय वार्ता बुधवार और बृहस्पतिवार को अबू धाबी में होगी, जहां पिछले महीने एक बैठक हुई थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि वह बैठक में एक प्रतिनिधिमंडल भेजेंगे।
यह बैठक शुरू में सप्ताहांत में आयोजित होने वाली थी, लेकिन पेस्कोव के अनुसार पहले से तय अन्य कार्यक्रम के कारण समायाभाव के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। पिछले एक साल में ट्रंप प्रशासन ने दोनों पक्षों पर समझौते के रास्ते तलाशने का दबाव बनाया है।
इस महीने के अंत तक रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण हमले के चार साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रमुख मुद्दों पर गतिरोध टूटने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। पेस्कोव ने वार्ता को "बहुत जटिल" बताया।
उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर चर्चा और बातचीत के कारण हम निश्चित रूप से एक-दूसरे के करीब आए हैं। कुछ मुद्दों पर आम सहमति बनाना आसान है। वहीं कुछ ऐसे मुद्दे भी हैं जिन पर आम सहमति बनाना अधिक कठिन है।

