Russia-Ukraine War: खारकीव में रूसी हमले से 5 लोगों की मौत, कीव में धरोहर स्थल क्षतिग्रस्त
Russia-Ukraine War: रूस के सोमवार को यूक्रेन पर बड़े हमले में खारकीव में पांच बचावकर्मियों की मौत हो गयी और राजधानी कीव में कम से कम 13 लोग घायल हो गए। इन हमलों से कई इमारतों और देश के सबसे...
Russia-Ukraine War: रूस के सोमवार को यूक्रेन पर बड़े हमले में खारकीव में पांच बचावकर्मियों की मौत हो गयी और राजधानी कीव में कम से कम 13 लोग घायल हो गए। इन हमलों से कई इमारतों और देश के सबसे अहम धार्मिक स्थलों में से एक में आग लग गई।
गृह मंत्री इहोर क्लिमेनको ने बताया कि खारकीव में बचावकर्मी रूस के एक हमले से लगी आग बुझा रहे थे कि तभी दूसरा हमला हुआ जिसमें वे मारे गए। उन्होंने बताया कि कम से कम पांच अन्य आपातकालीन कर्मी भी घायल हो गए हैं।
कीव में पहले बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार हुई और उसके बाद 'शाहिद' ड्रोन से हमले किए गए, जिसके कारण हुए जबरदस्त धमाकों की आवाज पूरे शहर में सुनी गयी।
इस दौरान कई लोगों ने बंकरों में शरण ली, वहीं अधिकारियों ने निवासियों से सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की। क्लिमेनको ने कहा, ''कीव पर मुख्य हमला हुआ है। बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।''
कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टिमुर त्काचेंको ने बताया कि राजधानी में एक बच्चे समेत 13 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में 30 मिनट से भी कम समय में पांच हमले हुए जिनमें 25 मंजिला आवासीय इमारत भी चपेट में आ गयी जबकि एक बाजार और किराना दुकान में आग लग गई।
ओबोलोन्स्की जिले में नौ मंजिला रिहायशी इमारत भी हमले की चपेट में आ गयी। त्काचेंको ने रूस पर जानबूझकर आवासीय इमारतों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ''रूस का सोचा-समझा और जानबूझकर लिया गया फैसला है।'' यूक्रेन के ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख मेट्रोपॉलिटन एपिफेनियस ने बताया कि रात भर हुए हमले में 'डॉर्मिशन कैथेड्रल' की छत में आग लग गई।

