Russia-Ukraine Conflict : कुछ समझौते करे कीव... क्या खत्म होने वाला है युद्ध? शांति वार्ता पर पुतिन ने रखी शर्त
अगर यूक्रेन समझौता करता है तो रूस ट्रंप के प्रस्ताव के तहत शांति के लिए तैयार: राष्ट्रपति पुतिन
Russia-Ukraine Conflict : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि मॉस्को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव के आधार पर यूक्रेन के साथ समझौता करने के लिए तैयार है, बशर्ते कीव कुछ समझौते करने के लिए तैयार हो। उन्होंने यह दावा भी किया कि रूसी सेना युद्ध के मैदान में अपना प्रभुत्व बनाए हुए है।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि मॉस्को यूक्रेनी ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए अपनी हवाई रक्षा को मजबूत कर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रूसी लोगों की देशभक्ति और इच्छाशक्ति यह सुनिश्चित करेगी कि वे यूक्रेन में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुतिन को लिखे एक खुले पत्र में युद्ध को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने के लिए रूसी राष्ट्रपति के साथ आमने-सामने की बैठक करने के लिए कहा।
जेलेंस्की ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए पूर्ण युद्धविराम का समर्थन करते हुए कहा कि शांति केवल यूक्रेन और रूस के बीच सीधे संवाद के माध्यम से ही संभव है। वहीं, क्रेमलिन ने पुष्टि की कि उसे पत्र प्राप्त हुआ है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने लिखा, ''यूक्रेन इस युद्ध को हमारे और आपके बीच सीधी बातचीत के माध्यम से समाप्त करने का प्रस्ताव रखता है। मैं एक बैठक का प्रस्ताव कर रहा हूं।'' पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन को समझौते करने होंगे। उन्होंने विशेष रूप से पिछले साल अगस्त में अलास्का के एंकरेज में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई शिखर बैठक का जिक्र किया।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ''निस्संदेह, हम शांतिपूर्ण तरीकों से यूक्रेन के साथ एक समझौते पर पहुंचने के लिए तैयार और इच्छुक हैं - और यह समझौता एंकरेज में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक में हुई चर्चा पर आधारित होगा।'' उन्होंने विस्तार से बताए बिना कहा, ''उस बैठक में रूस के सामने कुछ सवाल रखे गए ताकि हम कुछ समझौतों पर सहमत हो सकें। रूस उन समझौतों पर सहमत है जिनकी चर्चा एंकरेज में हुई थी। यह आवश्यक है कि यूक्रेन भी इन समझौतों को स्वीकार करे। तब यह संघर्ष स्वाभाविक रूप से और शीघ्रता से हल हो जाएगा।''
पुतिन ने कहा कि रूसी सेना ने हाल में यूक्रेनी सेना को पीछे धकेलते हुए लगभग 2,440 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है और युद्ध के मैदान में एक भी ऐसी जगह नहीं है जहां रूसी सैनिक आगे नहीं बढ़ रहे हों। उन्होंने कहा, "हमले प्रतिदिन जारी हैं। फिलहाल, रूसी संघ ने लुहांस्क पीपुल्स रिपब्लिक पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है। रूस ने दोनेत्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के 85 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। हम ज़पोरिजिया क्षेत्र के 80 प्रतिशत हिस्से पर भी नियंत्रण रखते हैं। यह प्रक्रिया प्रतिदिन जारी है।"
