New Year Bash : ऑकलैंड में आतिशबाजी के साथ नए साल 2026 का स्वागत, ऑस्ट्रेलिया में इस वजह से फीका रहा जश्न
दक्षिण प्रशांत देशों ने सबसे पहले 2025 को विदाई दी
New Year Bash : ऑकलैंड के लोगों ने न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची इमारत, स्काई टावर से आतिशबाजी कर 2026 का स्वागत किया। इस तरह यह नए साल का बारिश से प्रभावित जश्न के साथ स्वागत करने वाला पहला प्रमुख शहर बन गया।
दक्षिण प्रशांत देशों ने सबसे पहले 2025 को विदाई दी। सत्रह लाख की आबादी वाले ऑकलैंड में जब रात के 12 बजे तो लोगों ने जबरदस्त आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया। पांच मिनट के इस प्रदर्शन में 240 मीटर ऊंचे स्काई टावर की विभिन्न मंजिलों से जबरदस्त आतिशबाजी की गई। बारिश के अनुमान के कारण बुधवार को न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में कुछ कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर न्यूजीलैंड के दो घंटे बाद 2026 का स्वागत किया गया। देश के सबसे बड़े शहर सिडनी में, लगभग 30 वर्षों में ऑस्ट्रेलिया में हुई सबसे भीषण सामूहिक गोलीबारी की घटना का असर जश्न में नजर आया।
दो बंदूकधारियों ने 14 दिसंबर को बोंडी बीच पर हनुक्का उत्सव को निशाना बनाया था, जिसमें 15 लोग मारे गए थे और 40 घायल हो गए थे। बुधवार को सिडनी हार्बर ब्रिज पर आयोजित आतिशबाजी देखने के लिए शहर के तटीय इलाके में बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। ऑस्ट्रेलिया के सबसे करीबी पड़ोसियों में से एक, इंडोनेशिया में सुमात्रा द्वीप के कुछ हिस्सों में एक महीने पहले आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से तबाह हुए समुदायों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए नववर्ष की पूर्व संध्या के उत्सवों को सीमित कर दिया। एशिया के कई हिस्सों में सदियों पुरानी परंपराओं का पालन करते हुए नए साल का स्वागत किया जाता है।
जापान में, तोक्यो के एक बौद्ध मंदिर में मध्य रात्रि को घंटी बजने का कार्यक्रम देखने के लिए भारी भीड़ एकत्र होगी। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने नववर्ष के मौके पर बुधवार को अपने संबोधन में कहा कि चीन के साथ ताइवान का पुन: एकीकरण “अपरिहार्य” है। राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित 2026 के नववर्ष संदेश में शी ने कहा कि ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों ओर रहने वाले चीनी लोगों के बीच पारिवारिक संबंध हैं। चिनफिंग ने आर्थिक, रक्षा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में देश की प्रगति को भी रेखांकित किया।

