Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Iran–Israel Tension : भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, इजराइल में रह रहे नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

इजराइल में भारतीय दूतावास ने नागरिकों को त्वरित सहायता के लिए तुरंत पंजीकरण कराने की सलाह दी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
ईरान के तेहरान में हुए विस्फोट के बाद आसमान में धुआं उठता देखते लोग। एपी/पीटीआई
Advertisement

Iran–Israel Tension : ईरान पर इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमले के बाद भारत ने शनिवार को इजराइल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी करते हुए उन्हें ''अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने'' की सलाह दी है। भारत ने अपने परामर्श में कहा, ''क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इजराइल में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।'' वर्तमान में 40 हजार से अधिक भारतीय नागरिक इजराइल में रहते और काम करते हैं।

दूतावास ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में कहा कि इजराइल में रहने वाले भारतीय नागरिक, जिन्होंने अभी तक दूतावास में पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे अनुरोध है कि वे अपना पंजीकरण करा लें। इसने कहा, ''पंजीकरण से दूतावास को आपसे तुरंत संपर्क करने और मौजूदा स्थिति के दौरान आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्रदान करने में मदद मिलेगी।'' इससे पहले शनिवार को, दूतावास ने इजराइल में अपने नागरिकों को मौजूदा स्थिति को देखते हुए ''अत्यधिक सावधानी बरतने, सतर्क रहने'' और ''सभी अनावश्यक यात्राओं से बचने'' की सलाह दी।

Advertisement

भारत ने अपने परामर्श में कहा, ''क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, इज़राइल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।'' इसने कहा, ''भारतीय नागरिक इजराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।'' परामर्श में कहा गया, ''सभी भारतीय नागरिक निर्धारित आश्रय स्थलों के नजदीक रहें और अपने निवास या कार्यस्थल के आसपास मौजूद सुरक्षित स्थानों के बारे में जानकारी रखें।''

Advertisement

इसमें कहा गया, ''भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक इजराइल के भीतर गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है। नागरिकों से स्थानीय समाचार, आधिकारिक घोषणाओं और आपातकालीन अलर्ट पर नियमित रूप से नजर रखने को कहा जाता है।'' भारतीय दूतावास ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जानकारी जारी करता रहेगा। इजराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर हमले किए।

इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा, ''इजराइल ने अपने ऊपर खतरों को समाप्त करने के लिए ईरान पर हमला किया है।'' इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) की 'होम फ्रंट कमांड' ने नागरिकों को चेतावनी दी कि वे सायरन बजने की स्थिति में बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास ही रहें। 'होम फ्रंट कमांड' के संदेश में कहा गया कि ''सुरक्षा स्थिति को देखते हुए'' नागरिक यह सुनिश्चित करें कि उनके नजदीक सुरक्षित आश्रय स्थल कहां है और वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें।

Advertisement
×