Chandigarh Jungle Fire: चंडीगढ़ के सेक्टर-53 में जंगलों में लगी आग, फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
Chandigarh Jungle Fire: गवर्नमेंट स्कूल के पास फैली आग से इलाके में मचा हड़कंप; सूखे पत्तों और हॉर्टिकल्चर वेस्ट को बताया जा रहा वजह
Chandigarh Jungle Fire: चंडीगढ़ के सेक्टर-53 स्थित गवर्नमेंट स्कूल के पास जंगलनुमा क्षेत्र में बुधवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में बड़ी मात्रा में हॉर्टिकल्चर वेस्ट और सूखे पत्ते पड़े हुए थे, जिसकी वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की गाड़ियां अक्सर यहां सूखे पत्ते और बागवानी का कचरा डालती हैं, जिससे आग लगने का खतरा लगातार बना रहता है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने से आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल क्षेत्र में कचरा और सूखे पत्ते फेंकने पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

