सिंघम अब टीवी पर लगाएंगे अपराधियों की क्लास? क्राइम पेट्रोल में अजय की एंट्री; डर नहीं सावधानी का देंगे संदेश
अजय देवगन अब क्राइम पेट्रोल में सुनाएंगे जुर्म की कहानियां
Ajay Devgn : बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अब टीवी की दुनिया में होस्टिंग करते नजर आने वाले हैं। अभिनेता मशहूर क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' के नए होस्ट के तौर पर दर्शकों से रूबरू होंगे। शो की वापसी क्राइम केस पर आधारित कहानियों के साथ होने जा रही है। मेकर्स ने अजय देवगन का पहला प्रोमो भी जारी कर दिया है, जिसमें उनके नए अवतार की झलक देखने को मिली है।
प्रोमो में अजय देवगन देश में बढ़ते अपराध और उससे जुड़ी चुनौतियों पर बात करते नजर आते हैं। वह बताते हैं कि अपराध करने वाला व्यक्ति कई बार पीड़ित का कोई परिचित या भरोसेमंद शख्स ही होता है। प्रोमो के अंत में अजय कहते हैं, "मैं रहूंगा आपके साथ।" शो का नया सीजन 31 अगस्त से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।
'क्राइम पेट्रोल' का हिस्सा बनना जिम्मेदारी जैसा
शो से जुड़ने को लेकर अजय देवगन ने कहा कि 'क्राइम पेट्रोल' जैसे कार्यक्रम का हिस्सा बनना सिर्फ एक नई भूमिका नहीं, बल्कि दर्शकों के प्रति जिम्मेदारी भी है। इस शो ने अपराध की कहानियों को सामने लाने और लोगों में जागरूकता फैलाने की एक खास विरासत बनाई है। अजय के मुताबिक, शो की कहानियां दर्शकों को अपने आसपास मौजूद लोगों और उन लोगों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित करती हैं, जिन पर वे भरोसा करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम में दिखाई जाने वाली घटनाएं दर्शकों को डराने के बजाय उन्हें सावधान और जागरूक करने का काम करेंगी।
View this post on Instagram
डर नहीं, सावधानी का संदेश देंगे अजय
अजय देवगन ने कहा कि शो में देश को झकझोर देने वाले वास्तविक मामलों से प्रेरित कहानियां दिखाई जाएंगी। उनका उद्देश्य इन घटनाओं को सनसनी के तौर पर पेश करने के बजाए दर्शकों को सिचुएशन को समझने और उनसे सावधानी से निपटने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बतौर होस्ट वह दर्शकों को इन कहानियों के जरिए मार्गदर्शन देने की कोशिश करेंगे, ताकि लोग अपराध के खतरों को समझ सकें और जरूरत पड़ने पर ज्यादा सतर्क रह सकें।
अनूप सोनी के बाद अजय देवगन की एंट्री
'क्राइम पेट्रोल' के साथ अजय देवगन की एंट्री शो के लिए एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। इस क्राइम शो के साथ अभिनेता अनूप सोनी का नाम लंबे समय तक जुड़ा रहा है। उन्होंने कई सालों तक अपने खास अंदाज में कार्यक्रम की मेजबानी की और दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
वहीं, अजय देवगन भी फिल्मों में पुलिस और कानून से जुड़े किरदारों के लिए जाने जाते हैं। 'गंगाजल', 'सिंघम' और 'दृश्यम' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपराध, जांच और कानून से जुड़े किरदार निभाए हैं। ऐसे में अब उन्हें क्राइम शो की मेजबानी करते देखना उनके प्रशंसकों के लिए भी दिलचस्प अनुभव होगा। 31 अगस्त से प्रसारित होने वाले 'क्राइम पेट्रोल' के नए सीजन में अजय देवगन की होस्टिंग और अपराध से जुड़ी कहानियों को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ गई है।

