...जब DDLJ के स्टेशन पर लौटे अनुपम खेर, पुरानी यादों में खोए; क्या दिलवाले दुल्हनिया का स्टेशन बनेगा टूरिस्ट स्पॉट?
पुराने दिनों को याद कर इमोशनल हुए अनुपम खेर
Apta Station in Raigarh : बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में उस रेलवे स्टेशन का दौरा किया, जहां हिंदी सिनेमा की सबसे मशहूर फिल्मों में से एक दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के मशहूर ट्रेन वाले सीन्स की शूटिंग हुई थी। इस दौरान उन्होंने पुरानी यादों को ताजा किया और सरकार से उस जगह को टूरिस्ट प्लेस बनाने की अपील की।
फिल्म का सबसे मशहूर सीन वह है, जिसमें राज ट्रेन से अपना हाथ बढ़ाता है और सिमरन दौड़ते हुए ट्रेन पकड़ने की कोशिश करती है। यह सीन हिंदी सिनेमा के इतिहास के सबसे यादगार सीन्स में गिना जाता है। सालों बाद भी लोग इस सीन को याद करते हैं और कई फिल्मों में इसे दोहराया भी गया है।
View this post on Instagram
अनुपम खेर ने फिल्म में शाहरुख खान के पिता धर्मवीर का किरदार निभाया था। उन्होंने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह महाराष्ट्र के अप्टा रेलवे स्टेशन पर नजर आए। वीडियो में उन्होंने कहा कि दुनिया का लगभग हर भारतीय इस ट्रेन वाले दृश्य को पहचानता है। उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास का अहम हिस्सा बताया।
वीडियो में अभिनेता ने कहा कि जैसे लोग हॉलीवुड फिल्म ‘द गॉडफादर’ से जुड़ी जगहों को देखने सिसिली जाते हैं, वैसे ही यह रेलवे स्टेशन भी भारतीय फिल्मों के प्रशंसकों के लिए खास महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह इस ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा रहे। साथ ही उन्होंने यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा का धन्यवाद भी किया।
अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में लिखा कि शूटिंग के समय किसी को अंदाजा नहीं था कि यह फिल्म हिंदी सिनेमा में इतिहास रच देगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस रेलवे स्टेशन को एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि देश और विदेश से आने वाले लोग इस ऐतिहासिक जगह को करीब से देख सकें।
‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। इसके गाने, डायलॉग और किरदार आज भी लोगों की यादों में जिंदा हैं। बता दें कि यह फिल्म साल 1995 में रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था। फिल्म में शाहरुख खान और काजोल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। दोनों की जोड़ी और फिल्म की कहानी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। आज भी यह फिल्म लोगों के दिलों में खास जगह रखती है।

