CINTAA में किस बात को लेकर छिड़ी जंग? पूनम ढिल्लों ने खोली विवाद की परतें , बोलीं- हमें कंट्रोल करने की कोशिश हुई
ढिल्लों ने कहा कि उनके और अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे के खिलाफ लगाए गए आरोप बेहद आपत्तिजनक
सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएश में चल रहे अंदरूनी विवाद को लेकर अभिनेत्री और CINTAA की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों ने खुलकर बात रखी है। कमेटी से कई सदस्यों के इस्तीफे, CAWT को लेकर मतभेद और पदाधिकारियों पर लगाए गए आरोपों के बीच ढिल्लों ने कहा कि उनके और अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे के खिलाफ लगाए गए आरोप बेहद आपत्तिजनक थे।
पूनम ढिल्लों ने दावा किया कि विवाद उस समय बढ़ा, जब कुछ लोग कानूनी प्रक्रिया के जरिए अपनी इच्छा के मुताबिक परिणाम हासिल नहीं कर पाए। इसके बाद उन पर और पद्मिनी कोल्हापुरे पर गंभीर आरोप लगाए जाने लगे। ढिल्लों ने कहा कि कुछ लोग CAWT के जरिए CINTAA सदस्यों पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली तो उनके खिलाफ तरह-तरह के आरोप लगाए जाने लगे। आरोपों में इस्तेमाल की गई भाषा भी बेहद दुखद थी।
'मानहानि का केस कर सकते थे'
पूनम ढिल्लों ने कहा कि आरोप इतने गंभीर थे कि अगर वह चाहतीं तो संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि की कानूनी कार्रवाई पर विचार कर सकती थीं। हालांकि, उन्होंने और पद्मिनी कोल्हापुरे ने शुरुआत में चुप रहना ही बेहतर समझा। उनका आत्मसम्मान और ईमानदारी उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है। ढिल्लों ने अपने लंबे फिल्मी करियर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने दशकों की मेहनत, व्यवहार और लोगों के साथ संबंधों के जरिए अपनी प्रतिष्ठा बनाई है। इसे किसी भी परिस्थिति में दांव पर नहीं लगाया जा सकता।
'अंदरूनी विवाद से सदस्यों को हुआ नुकसान'
CINTAA में हुए इस्तीफों पर भी पूनम ढिल्लों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह से CAWT ने उनके साथ व्यवहार किया, उससे वह खुश नहीं हैं। उनके मुताबिक, संगठन के अंदर पैदा हुए विवाद और सदस्यों के इस्तीफे का सबसे ज्यादा नुकसान आखिरकार CINTAA के कलाकारों को ही हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों की चिंता संगठन के काम से ज्यादा इस बात को लेकर थी कि उनकी तस्वीर क्यों नहीं प्रकाशित हुई या उन्हें पर्याप्त महत्व क्यों नहीं दिया गया। ढिल्लों के अनुसार, वह और पद्मिनी कोल्हापुरे अपने निजी संपर्कों और रिश्तों का इस्तेमाल CINTAA के सदस्यों के लिए बेहतर अवसर और बदलाव लाने के लिए कर रही थीं।
WhatsApp मैसेज का भी किया जिक्र
इससे पहले पूनम ढिल्लों ने एक वीडियो संदेश जारी कर CINTAA विवाद से जुड़ी अफवाहों पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि शुरुआत में उन्होंने किसी आरोप का जवाब नहीं देने का फैसला किया था, लेकिन WhatsApp पर प्रसारित हो रहे संदेशों और वॉइस नोट्स के बाद उन्हें अपनी बात सामने रखना जरूरी लगा। पिछले डेढ़ साल में कई बार उनके मन में CINTAA की एग्जीक्यूटिव कमिटी छोड़ने का विचार आया। वह और इंडस्ट्री के कई अन्य वरिष्ठ कलाकार चार दशक से ज्यादा समय से फिल्म जगत से जुड़े हुए हैं।
आठ सदस्यों ने दिया इस्तीफा
CINTAA के अंदर जारी विवाद के बीच आठ सदस्यों ने महासचिव उपासना सिंह को अपना इस्तीफा सौंपा है। इस्तीफा देने वालों में हेमंत पांडे, मुकेश ऋषि, साहिला चड्ढा, हेता परमार, पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, विकास वर्मा और दीपक पाराशर शामिल हैं। इस पूरे विवाद के बीच पूनम ढिल्लों ने स्पष्ट किया है कि वह अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगी और उनका उद्देश्य CINTAA के सदस्यों और कलाकारों के हित में काम करना है।

