वृद्धाश्रम से विनोद कांबली का Video वायरल, बोले- यहां मुझे बहुत प्यार मिल रहा, भावुक हुए फैंस
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने ‘निदान’ सेंटर की साफ-सफाई और सुविधाओं की तारीफ की, कहा- यहां लोगों से मिल रहा भरपूर प्यार
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ठाणे स्थित ‘निदान सेंटर फॉर एल्डरली केयर’ में नजर आ रहे हैं। वीडियो में कांबली ने सेंटर में मिल रही सुविधाओं, साफ-सफाई और लोगों के व्यवहार की जमकर तारीफ की है। हालांकि, वीडियो में वह भावुक भी नजर आए।
अपने संदेश में कांबली ने कहा कि सेंटर में उनकी अच्छी देखभाल हो रही है और उन्हें यहां घर से दूर होने का अहसास नहीं होता। उन्होंने कहा, “मैं विनोद कांबली हूं। मैं अभी निदान में हूं। यहां मुझे बहुत अच्छी सुविधाएं मिली हैं। यहां की स्वच्छता और व्यवस्था सब कुछ एकदम फर्स्ट क्लास है। मुझे यहां बिल्कुल भी ऐसा नहीं लगता कि मैं अपने घर से दूर हूं। यहां के लोगों से मुझे बहुत प्यार मिला है।”
स्वास्थ्य को लेकर पहले भी रही चिंता
विनोद कांबली पिछले कुछ समय से अपने स्वास्थ्य को लेकर चर्चा में रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में उन्हें चलने में परेशानी का सामना करते हुए देखा गया था। उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर भी समय-समय पर खबरें सामने आती रही हैं।
कांबली को वर्ष 2013 में एंजियोप्लास्टी से गुजरना पड़ा था। इसके बाद भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। वर्ष 2024 में मुंबई के शिवाजी पार्क में एक कार्यक्रम के दौरान वह अपने बचपन के दोस्त और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ नजर आए थे। उस दौरान उनकी कमजोर शारीरिक स्थिति ने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींचा था।
Vinod Kambli’s latest video, he is presently at an elderly care centre in Thane.
Praying for his recovery soon. pic.twitter.com/6k1plg1aCl
— Abhishek ✨ (@ImAbhishek7_) September 25, 2026
शानदार रहा शुरुआती क्रिकेट करियर
विनोद कांबली का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने कम समय में अपनी बल्लेबाजी की खास छाप छोड़ी। भारत के लिए उन्होंने 17 टेस्ट मैचों में 1,084 रन बनाए। उनका टेस्ट औसत 54.20 रहा और उन्होंने चार शतक लगाए। कांबली ने 104 वनडे मैचों में 2,477 रन बनाए। वनडे में उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक हैं।
स्कूली क्रिकेट में कांबली और सचिन तेंदुलकर की जोड़ी ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। दोनों ने मिलकर 664 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की थी, जिसने कांबली को कम उम्र में ही क्रिकेट जगत में पहचान दिलाई।
फैंस कर रहे जल्द वापसी की उम्मीद
कांबली के नए वीडियो के सामने आने के बाद क्रिकेट प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ प्रशंसकों ने उन्हें दोबारा क्रिकेट से जुड़ने और कमेंट्री करने की सलाह भी दी है। हालांकि, फिलहाल कांबली की प्राथमिकता स्वास्थ्य और बेहतर देखभाल पर है।

