मिस यूनिवर्स को कर रहे थे डेट, लेकिन जेब में नहीं थे जहर खाने के पैसे; विक्रम भट्ट ने किया हैरान करने वाला खुलासा
आमिर खान को डायरेक्ट किया, सुष्मिता सेन से इश्क किया, फिर भी कंगाली में कटे दिन
Vikram Bhatt Throwback Story : बॉलीवुड की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे संघर्ष और मुश्किलों की कई अनकही कहानियां छिपी होती हैं। ऐसी ही एक कहानी हाल ही में फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने शेयर की। विक्रम ने बताया कि एक समय वह बॉलीवुड के बड़े सितारों के साथ काम कर रहे थे और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन को डेट कर रहे थे, लेकिन उनकी आर्थिक हालत बेहद खराब थी।
'जहर खाने के पैसे भी नहीं थे'
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में विक्रम भट्ट ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा, "मैं एक स्ट्रगलिंग डायरेक्टर था। मेरे पास जहर खाने के पैसे भी नहीं थे। मैं आमिर खान को डायरेक्ट कर रहा था और मिस यूनिवर्स को डेट कर रहा था, लेकिन मेरी जेब खाली थी।" उन्होंने बताया कि कई बार उनके पास छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करने के लिए भी पैसे नहीं होते थे।
जब साथ-साथ चल रहे थे सफलता और संघर्ष
विक्रम के मुताबिक, बाहर से देखने वालों को उनकी जिंदगी बेहद शानदार लगती थी, लेकिन असलियत कुछ और थी। उन्होंने जिंदगी में ऐसा दौर भी देखा है जब एक साधारण सीडी खरीदना भी उनके लिए मुश्किल था।
'दस्तक' के सेट पर बढ़ी नजदीकियां
बता दें कि विक्रम भट्ट और सुष्मिता सेन की मुलाकात 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘दस्तक’ के दौरान हुई थी। यह सुष्मिता की डेब्यू फिल्म थी और उस समय विक्रम, महेश भट्ट के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में जुड़े हुए थे। यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता शुरू हुआ।
