Video: बिजली कटौती से परेशान हुई जनता, विधायक ने रुडकी में काटी अफसरों के घरों की बिजली
Uttarakhand News: लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज़ होकर झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने मंगलवार को बिजली विभाग के अधिकारियों के घरों की बिजली काट दी। इस मामले में बिजली विभाग ने विधायक के खिलाफ रुड़की सिविल...
Uttarakhand News: लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज़ होकर झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने मंगलवार को बिजली विभाग के अधिकारियों के घरों की बिजली काट दी। इस मामले में बिजली विभाग ने विधायक के खिलाफ रुड़की सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
विधायक वीरेंद्र जाति अपने समर्थकों के साथ रुड़की पहुंचे। उनके साथ सीढ़ी और तार काटने के औजार भी थे। सबसे पहले उन्होंने बोट क्लब स्थित अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत के सरकारी आवास के बाहर लगे बिजली के खंभे पर चढ़कर उनके घर की बिजली आपूर्ति काट दी। इसके बाद विधायक अपने काफिले के साथ मुख्य अभियंता अनुपम सिंह और अधिशासी अभियंता विनोद पांडे के सरकारी आवास पहुंचे और वहां भी बिजली कनेक्शन काट दिया।
ग्रामीण इलाकों में लगातार बिजली कटौती से नाराज़ होकर हरिद्वार के झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाती ने अनोखा विरोध दर्ज कराया। बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र की आपूर्ति काटे जाने पर विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों के परिसरों की बिजली लाइन खुद खंभे पर चढ़कर काट दी। pic.twitter.com/XMfJsV3EN9
— Amit Bisht (@amitbisht__) December 23, 2025
विधायक वीरेंद्र जाति का आरोप है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में रोजाना पांच से आठ घंटे तक अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 10 दिनों से बिजली कटौती का मुद्दा विभाग के समक्ष उठा रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
जाति ने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी एक घंटे की बिजली कटौती में ही परेशान हो गए, जबकि आम जनता रोज घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर है।
वहीं, बिजली विभाग की ओर से दर्ज शिकायत में कहा गया है कि विधायक ने बिना उचित शटडाउन के बिजली लाइन काटी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन और सरकारी कार्य में सीधा हस्तक्षेप बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

