Cannes Viral Look : गले में तुलसी माला, हाथ में गीता… वृंदावन की झलक लिए कान्स पहुंचीं सिंगर आरती खेतरपाल, श्रीराम नाम की पोटली ने बढ़ाई शान
सोशल मीडिया पर वायरल आरती खेतरपा का लुक
Cannes Viral Look : कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर इस बार ग्लैमर से ज्यादा चर्चा एक खास भारतीय पहचान की रही। ग्रैमी नॉमिनेटेड सिंगर आरती खेतरपाल ने अपने अनोखे लुक से हर किसी का ध्यान खींच लिया। गोल्डन शेड के खूबसूरत लहंगे, वृंदावन की झलक और सनातन परंपरा के साथ उनका यह अंदाज सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि संस्कृति और आस्था का संदेश बन गया। सोशल मीडिया पर उनका यह रूप तेजी से वायरल हो रहा है।
कौन है आरती खेतरपाल
ग्रैमी नॉमिनेटेड सिंगर आरती खेतरपाल का सफर 2018 में मीका सिंह के गाने 'समा' से शुरु हुआ। मगर, फिर ग्लैमर वर्ल्ड को अलविदा कहकर उन्होंने भक्ति और साधना का रास्ता चुना। आज वे 3000 से अधिक भजन शोज कर चुकी हैं। वृंदावन को अपना निवास बनाकर उन्होंने न केवल आध्यात्मिक पहचान बनाई, बल्कि सोशल मीडिया और फैशन-एंटरप्रेन्योरशिप की दुनिया में भी एक खास जगह हासिल की।
आरती के अनुसार, उनकी मां ने उन्हें भगवान कृष्ण के प्रति प्रेम और नाम जप की प्रेरणा दी, जो उनके जीवन का आधार बनी। इस सफर में उनके पिता, भाई और बहन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने यह भी साझा किया कि इस वर्ष कान्स फिल्म फेस्टिवल में उनके पिता की फिल्म का प्रदर्शन हो रहा है, जो उनके परिवार के लिए गर्व और भावनात्मक उपलब्धि का क्षण है।
View this post on Instagram
लहंगे में दिखी वृंदावन की झलक
आरती गोल्डन टोन के कस्टम-मेड लहंगे में नजर आईं, जिस पर वृंदावन की झलक, मंदिरों की कलाकृतियां और कृष्ण भक्ति से जुड़ी बारीक नक्काशी की गई थी। यह पहनावा मानो आधुनिक फैशन और प्राचीन आध्यात्मिकता के बीच एक सेतु बन गया हो। रेड कार्पेट पर चलते हुए उनका आत्मविश्वास और सादगी दोनों ही लोगों को आकर्षित कर रहे थे।
हाथ में भगवद गीता ने खींचा ध्यान
उनके लुक की सबसे खास बात थी कि उन्होंने गले तुलसी कंठी माला, हाथ में भगवद गीता और श्री राम नाम जप वाली पोटली के साथ रेड कॉर्पेट पर एंट्री ली। सोशल मीडिया पर उनका यह लुक तेजी से वायरल हुआ। कुछ लोगों ने इसे फैशन और भक्ति का अनोखा संगम बताया, तो कुछ ने इसे भारतीय परंपरा को वैश्विक मंच पर सम्मान देने वाला पल कहा।
आरती खेतरपाल का यह रूप केवल एक रेड कार्पेट अपीयरेंस नहीं था, बल्कि यह संदेश था कि पहचान सिर्फ पहनावे से नहीं, बल्कि विश्वास और संस्कृति से भी बनती है। कान्स के चमकदार माहौल में उनका यह देसी और आध्यात्मिक अंदाज लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल लुक
अपने पारंपरिक लुक को शाही टच देने के लिए ग्रैमी नॉमिनेटेड सिंगर आरती ने पोलकी नेकलेस, मैचिंग ईयररिंग्स और खूबसूरत ब्रेसलेट पहना था। इसके साथ लिपस्टिक और खुले बालों का कॉम्बिनेशन उन्हें महारानी जैसा लुक दे रहा था। कान्स में इंस्ट्रा पर अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "कान्स के इतिहास में पहली बार 'सनातन धर्म' को गर्व के साथ रेड कार्पेट पर रिप्रेजेंट किया। यह पल भगवान श्री कृष्ण, वैष्णव परंपरा, गुरुओं और संतों को समर्पित है। फैशन सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि अपनी पहचान और विश्वास दिखाने का भी जरिया है।"

