वक्त अच्छा नहीं था, वो बहुत मुश्किल दौर था; कहते-कहते रो पड़ीं गोविंदा की बेटी, मां सुनीता भी हुईं भावुक
बेटी की बातें सुन सुनीता आहूजा की आंखें हुईं नम, इमोशनल हुआ पूरा सेट
Mother-Daughter Bond : जी टीवी के नए शो 'मां है ना' का आने वाला एपिसोड फैंस को भावुक कर देने वाला है। इस खास मदर्स डे स्पेशल एपिसोड में कई बेटियां अपनी मां के लिए दिल की बातें शेयर करती नजर आएंगी, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा गोविंदा की बेटी टीना आहूजा और उनकी मां सुनीता आहूजा की इमोशनल बॉन्डिंग की हो रही है।
मां के लिए लिखा खास खत
शो में सभी कंटेस्टेंट को अपनी मां के लिए एक खास लेटर लिखने का टास्क दिया गया। जब टीना आहूजा अपनी मां के लिए लिखा लेटर पढ़ने स्टेज पर पहुंचीं तो वह खुद को संभाल नहीं पाईं। भावुक होकर उनकी आंखों से आंसू बहने लगे और कुछ पल के लिए उन्होंने कहा, "मुझसे ये नहीं होगा।"
View this post on Instagram
'मुश्किल वक्त में भी मेरा साथ दिया'
टीना ने बताया कि उन्होंने पहले कभी किसी रियलिटी शो में हिस्सा नहीं लिया और शायद स्कूल के दिनों के बाद पहली बार अपनी मां को कोई खत लिखा है। कैमरे के सामने अपने जज्बात व्यक्त करना उनके लिए आसान नहीं था। लेटर पढ़ते हुए टीना ने अपनी मां के लिए प्यार और सम्मान जाहिर किया। टीना ने भावुक होकर कहा, "मुझे पता है कि पिछले कुछ साल हमारे लिए आसान नहीं रहे, लेकिन फिर भी मां ने हमेशा बिना किसी शर्त के मुझे प्यार दिया है। मेरा ख्याल रखने के लिए आपका धन्यवाद।"
बेटी को रोता देख भावुक हुईं सुनीता
टीना की बातें सुनकर सुनीता आहूजा भी खुद को रोक नहीं सकीं और उनकी आंखें नम हो गईं। मां-बेटी ने एक-दूसरे को गले लगाया, जिससे पूरा माहौल भावुक हो गया। वहां मौजूद जज शिल्पा शेट्टी भी इस पल को देखकर अपने आंसू नहीं रोक पाईं।
बता दें कि टीना और सुनीता पहली बार किसी शो में एक साथ नजर आ रही हैं। दोनों की शानदार केमिस्ट्री और बॉन्डिंग फैंस को खूब पसंद आ रही है। शो का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

