The Traitors 2 : न शक हुआ, न पकड़ी गईं... क्रिस्टल डिसूजा की इस रणनीति ने पहुंचाया फिनाले तक, करण जौहर भी हुए फैन
शो में ‘ट्रेटर’ की भूमिका निभा रहीं क्रिस्टल ने शुरुआत से ही बेहद सावधानी से गेम खेला
The Traitors 2 : रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में क्रिस्टल डिसूजा ने अपनी रणनीति के दम पर फिनाले में जगह बना ली है। शो के होस्ट करण जौहर ने भी उनके गेमप्ले और दबाव के बीच संयम बनाए रखने की तारीफ की है।
शो में ‘ट्रेटर’ की भूमिका निभा रहीं क्रिस्टल ने शुरुआत से ही बेहद सावधानी से गेम खेला। उन्होंने हर बातचीत में सक्रिय रूप से शामिल होने के बजाय यह समझने पर ध्यान दिया कि कंटेस्टेंट्स का शक किस ओर जा रहा है। जरूरत पड़ने पर ही उन्होंने हस्तक्षेप किया, जिससे वह लंबे समय तक शक के घेरे से बाहर रहीं।
करीबी दोस्त रिया चक्रवर्ती पर घूमी ‘सर्कल ऑफ शैक’
हालिया एपिसोड में करण जौहर ने क्रिस्टल की रणनीति की तारीफ करते हुए कहा कि आपने बहुत ही समझदारी से गेम खेला है। उन्होंने यह भी बताया कि क्रिस्टल ने मुश्किल परिस्थितियों में खुद पर नियंत्रण बनाए रखा और सोच-समझकर फैसले लिए।
‘सर्कल ऑफ शैक’ के दौरान शक की सुई क्रिस्टल की करीबी दोस्त रिया चक्रवर्ती की ओर घूम गई। क्रिस्टल ने इस स्थिति का फायदा उठाया और रिया पर ही शक बने रहने दिया। इससे वह खुद को संदेह से दूर रखने में कामयाब रहीं।
क्रिस्टल की स्थिति और मजबूत हो गई
वहीं, साथी ‘ट्रेटर’ शाहनील गिल के गेम से बाहर होने के बाद क्रिस्टल की स्थिति और मजबूत हो गई। अकेली बची ट्रेटर के तौर पर उन्हें अपनी टीम में एक और कंटेस्टेंट को शामिल करने का मौका मिला। उन्होंने रिडा थराना को चुना, जो पहले ही ट्रेटर्स की पहचान जानने की इच्छा जाहिर कर चुकी थीं।
क्रिस्टल डिसूजा और रिडा थराना के अलावा मल्लिका शेरावत और शालिनी पासी समेत कुल छह कंटेस्टेंट्स ने ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ के फिनाले में जगह बनाई है। क्रिस्टल की शांत और रणनीतिक गेमप्ले ने उन्हें शो के सबसे मजबूत खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

