Thar Viral Video : गहरे पानी में थार, ऊपर युवक और हाथ में मोबाइल... रीलबाजी का खतरनाक स्टंट वायरल, वायरल वीडियो देख दंग रह गए लोग
Thar Viral Video : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कालागढ़ इलाके से सामने आया एक वायरल वीडियो सोशल मीडिया की खतरनाक ‘रीलबाजी’ का नया चेहरा बन गया है। कुछ सेकेंड की ऑनलाइन लोकप्रियता पाने की चाह में युवकों ने...
Thar Viral Video : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कालागढ़ इलाके से सामने आया एक वायरल वीडियो सोशल मीडिया की खतरनाक ‘रीलबाजी’ का नया चेहरा बन गया है। कुछ सेकेंड की ऑनलाइन लोकप्रियता पाने की चाह में युवकों ने अपनी नई थार गाड़ी को रामगंगा नदी के तेज बहाव के बीच उतार दिया। यह स्टंट कुछ ही पलों में रोमांच से डरावने हादसे में बदलता नजर आया।
वीडियो में दिखाई देता है कि युवक नदी के बीचों-बीच गाड़ी खड़ी कर रील शूट कर रहे हैं। आसपास खड़े लोग मोबाइल कैमरों से इस ‘एडवेंचर’ को रिकॉर्ड कर रहे थे, लेकिन तभी नदी का तेज बहाव थार को बहाने लगा। देखते ही देखते माहौल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग चीखने लगे तो कुछ वीडियो बनाते रहे।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान नदी में नहा रहे कुछ युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए गाड़ी को बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद थार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक, यह गाड़ियां हाल ही में खरीदी गई थीं और उनका अभी रजिस्ट्रेशन भी नहीं हुआ था। इसी वजह से उनमें नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार, गाड़ियां उत्तराखंड के जसपुर इलाके से लाई गई थीं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ युवाओं को लापरवाह बना रही है। कुछ लाइक्स और व्यूज़ के लिए लोग अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी दांव पर लगा रहे हैं।
अब लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि नदी, डैम और खतरनाक इलाकों में सुरक्षा नियम सख्त किए जाएं। क्योंकि यह मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो का नहीं, बल्कि उस सोच का है, जहां ‘रील’ के लिए असली जिंदगी खतरे में डाली जा रही है।
