अनीत पड्डा-फातिमा सना शेख की सीरीज का टीजर OUT, जानिए हुंकार: द रोर में क्या है खास
एक लड़की के आरोप से शुरू होकर देखते ही देखते राष्ट्रीय मुद्दा बन जाता है
फातिमा सना शेख, अनीत पड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब पहली बार एक साथ नई सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ में नजर आने वाले हैं। मंगलवार को मेकर्स ने सीरीज का दमदार टीजर जारी किया, जिसने कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। यह सीरीज एक ऐसे मामले की कहानी सामने लाती है, जो एक लड़की के आरोप से शुरू होकर देखते ही देखते राष्ट्रीय मुद्दा बन जाता है।
17 साल की मीनू से शुरू होगी कहानी
‘हुंकार: द रोर’ की कहानी 17 साल की मीनू रावत के इर्द-गिर्द घूमती है। मीनू एक चर्चित कल्ट लीडर सुनील चाकोसी उर्फ ‘बापजी’ पर गंभीर आरोप लगाती है। इसके बाद शुरू होने वाली जांच धीरे-धीरे इतना बड़ा रूप ले लेती है कि मामला पूरे देश का ध्यान खींचने लगता है। टीजर में कहानी के तीन अहम किरदारों की झलक देखने को मिलती है।
फातिमा सना शेख ACP जसलीन सिंह सोनी, अनीत पड्डा एक संघर्षरत वकील भलेराव और मोहम्मद जीशान अय्यूब एक जुझारू पत्रकार अमिताभ की भूमिका में नजर आएंगे। सीरीज की खासियत यह है कि कहानी सिर्फ पुलिस जांच तक सीमित नहीं रहेगी। तीनों मुख्य किरदार एक ही सच तक पहुंचने की कोशिश करते दिखाई देंगे, लेकिन उनकी लड़ाई के मैदान अलग होंगे।
View this post on Instagram
पुलिस, कोर्ट और मीडिया की अलग-अलग लड़ाई
ACP जसलीन पुलिस जांच के जरिए सच्चाई सामने लाने की कोशिश करेंगी, वहीं भलेराव कोर्टरूम में कानूनी लड़ाई लड़ते नजर आएंगे। दूसरी तरफ पत्रकार अमिताभ मीडिया के जरिए इस मामले की परतें खोलने की कोशिश करेगा। मेकर्स के मुताबिक, सीरीज में पावर, प्रभाव और लोगों की राय के बीच चलने वाली जंग को दिखाया जाएगा। पुलिस जांच की तेजी, कानूनी ड्रामा और मीडिया ट्रायल—तीनों को कहानी में एक साथ पिरोया गया है।
अनीत पड्डा ने ‘सैयारा’ से पहले की थी शूटिंग
अनीत पड्डा ने सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट की शूटिंग अपनी फिल्म ‘सैयारा’ से पहले ही कर ली थी। अभिनेत्री ने कहा कि ‘हुंकार’ काफी समय से उनके सफर का हिस्सा रही है और अब इसे दर्शकों के साथ साझा करने को लेकर वह उत्साहित हैं।
कब और कहां रिलीज होगी सीरीज?
‘हुंकार: द रोर’ का निर्देशन करण डी कपाड़िया, नित्या मेहरा और हीराज मारफातिया ने किया है। सीरीज में रघुबीर यादव और राम कपूर जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने इसे पर्पल पेबल पिक्चर्स और मंगाटा फिल्म्स प्रोडक्शन के सहयोग से बनाया है। करण डी कपाड़िया और नित्या मेहरा इस सीरीज के क्रिएटर्स हैं। ‘हुंकार: द रोर’ 25 सितंबर से JioHotstar पर स्ट्रीम होगी।

