YouTuber Rachna Gurjar: सोशल मीडिया स्टार बनीं निशाना? लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने वाली रचना के घर चोरी
YouTuber Rachna Gurjar: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में हुई वारदात; चोर नकदी, सोने-चांदी के जेवर, गैजेट्स और अन्य सामान लेकर फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
YouTuber Rachna Gurjar: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने रात के अंधेरे में उनके घर को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती गैजेट्स और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 7 से 8 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
यह घटना शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव की है। जानकारी के अनुसार, चोर देर रात घर की बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग काटकर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने रचना गुर्जर और उनके पति ऊदल सिंह गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि वे बाहर न निकल सकें।
सीसीटीवी कैमरों को भी किया निष्क्रिय
रचना गुर्जर के मुताबिक, चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं। इसके बाद उन्होंने घर के कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
That is why one should never share personal information on social media! YouTuber Rachna Gurjar in Mohani Khyavda village, located within the jurisdiction of the Narwar police station in Shivpuri.
The police have registered a case and initiated an investigation. According to… pic.twitter.com/XYFfL2BBnK
— Dharm (@dhram00) June 7, 2026
चोर करीब 1.91 लाख रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां और चांदी की करधनी अपने साथ ले गए। इसके अलावा कुछ कीमती गैजेट्स और अन्य सामान भी चोरी हुआ। हैरानी की बात यह रही कि चोर जाते-जाते लगभग 8 हजार रुपये कीमत की एनर्जी ड्रिंक की एक पेटी भी साथ ले गए।
सुबह खुला चोरी का राज
रचना गुर्जर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह करीब चार बजे हुई, जब वह पानी पीने के लिए उठीं और पाया कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद परिवार को चोरी का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
एसपी से की कार्रवाई की मांग
रचना गुर्जर ने शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वह इस मामले को सोशल मीडिया के जरिए उठाती रहेंगी।
गौरतलब है कि रचना गुर्जर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ग्रामीण परिवेश में लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगे आभूषणों और घर की सजावट से जुड़े वीडियो साझा करने के लिए जानी जाती हैं, जिसके चलते उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है।

