Sidhu Hologram World Tour : सिद्धू मूसेवाला रचेंगे इतिहास, होलोग्राम टूर पर जाने वाले बनेंगे पहले भारतीय कलाकार
म्यूजिक इंडस्ट्री में नया ट्रेंड; मूसेवाला का होगा वर्चुअल वर्ल्ड टूर, नन्हे सिद्दू को देंगे जन्मदिन की बधाई
Sidhu Hologram World Tour : दिवगंत पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला पहले ऐसे भारतीय कलाकार बनने जा रहे हैं जिनका होलोग्राफिक वर्ल्ड टूर होगा। सोशल मीडिया पर 'साइंड टू गॉड वर्ल्ड टूर' के टीजर ने काफी हलचल मचा दी है। फैंस उन्हें देखने के लिए काफी उत्सुक हैं।
इस टूर में होलोग्राफिक तकनीक के जरिए सिद्दू मूसेवाला की मंच पर मौजूदगी को फिर से जीवंत किया जाएगा। होलोग्राम एक 3D प्रोजेक्शन है जो किसी व्यक्ति की मौजूदगी को असली जैसा दिखाता है। यह रोशनी और विज़ुअल इफेक्ट का इस्तेमाल करके ऐसा भ्रम पैदा करता है कि कोई व्यक्ति स्टेज पर मौजूद है, भले ही वह वहां न हो।
सिद्दू मूसेवाला के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए 42-सेकंड के टीजर में इस प्रोजेक्ट की एक झलक मिलती है। इसमें मूसवाला को आंखें खोलते हुए दिखाया गया है, जिसके बाद खचाखच भरे स्टेडियम के सीन में एक लाइव कॉन्सर्ट जैसा माहौल बनता है। इसमें उनके छोटे भाई की भी एक फोटो है, जिसका नाम भी शुभदीप सिंह है और जिसे निक्का सिद्धू के नाम से जाना जाता है। इस फोटो में वह उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। बता दें कि निक्का सिद्धू 17 मार्च को दो साल के हो गए।
एक ऑफ़िशियल वेबसाइट - signedtogod.world - भी लॉन्च की गई है, जिसकी टैगलाइन है "हले मुक्या नहीं सिद्धू मूसवाला" है। यह इस बात पर जोर देती है कि उनकी मौत के बाद भी उनकी विरासत जिंदा है। वेबसाइट के अनुसार, फैंस उनके असली गानों का इस्तेमाल करके बनाए गए लाइफ-साइज 3D शो के जरिए उनकी आवाज, एनर्जी और मौजूदगी का अनुभव कर पाएंगे। इन शो में सिनेमाई विज़ुअल और लाइव स्टेज इफेक्ट भी शामिल होंगे, जो एक भावुक कर देने वाला कॉन्सर्ट का माहौल बनाएंगे।
इस टूर में आठ देशों को शामिल किए जाने की उम्मीद है, जिनमें भारत, पाकिस्तान, संयुक्त राज्य अमेरिका (US), कनाडा, यूनाइटेड किंगडम (UK), संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, यह टूर 11 जून को शुरू हो सकता है, जिस दिन सिद्दू मूसवाला की जयंती है। इससे पहले, दुनियाभर के मशहूर सितारों - टुपैक शकूर, व्हिटनी ह्यूस्टन, माइकल जैक्सन, रॉय ऑर्बिसन, फ्रैंक जप्पा और कुछ अन्य लोगों ने भी दूसरे देशों में होलोग्राम टूर के जरिए अपनी मौत के बाद परफॉर्म किया है।

