मेघालय विधानसभा में ‘Sangma Vs Sangma’! पति-पत्नी के बीच दुर्लभ बहस
Sangma Vs Sangma Debate: पति-पत्नी की जोड़ी ने सदन में नीतिगत मुद्दों पर आमने-सामने चर्चा की
Sangma Vs Sangma Debate: मेघालय विधानसभा में उस समय दिलचस्प लेकिन स्वस्थ बहस देखने को मिली, जब एनपीपी विधायक मेहताब चांदी ए. संगमा (Mehtab Chandee A Sangma) ने मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा (Conrad K Sangma) से पशुधन शिक्षा परियोजनाओं में हो रही देरी पर सवाल उठाए। यह दुर्लभ अवसर था जब पति-पत्नी की जोड़ी ने सदन में नीतिगत मुद्दों पर आमने-सामने चर्चा की।
गांबेगरे से विधायक मेहताब चांदी ए संगमा ने 2022 में कैबिनेट द्वारा प्रस्तावित एक वेटरनरी कॉलेज, दो फिशरी कॉलेज और एक डेयरी कॉलेज की प्रगति पर स्पष्ट जानकारी मांगी। उन्होंने राज्य के वेटरनरी प्रशिक्षण केंद्रों में स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठाया।
सरकार की ओर से जवाब देते हुए मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने कहा कि ये संस्थान पशुधन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने कहा, “राज्य की बड़ी आबादी पशुपालन से जुड़ी है, इसलिए इन तीन कॉलेजों की तत्काल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया।” स्टाफ की कमी को लेकर उन्होंने माना कि यह चिंता का विषय है और रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
डीपीआर और जमीन से जुड़ी चुनौतियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने में जमीन की पहचान और मानव संसाधन योजना के कारण समय लगा। री-भोई जिले के क्यर्देमकुलाई (Kyrdemkulai) में प्रस्तावित वेटरनरी कॉलेज के लिए लगभग 800 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 334 करोड़ रुपये है और इसमें 19 विभाग प्रस्तावित हैं। उन्होंने वित्तीय आवश्यकताओं को बड़ी चुनौती बताते हुए आश्वासन दिया कि प्रक्रिया को तेज किया जाएगा।
राजनीति से ज्यादा नीतिगत चर्चा
यह बहस इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि विधानसभा में पति-पत्नी की जोड़ी के बीच नीति पर सवाल-जवाब का यह दुर्लभ उदाहरण था। हालांकि, चर्चा पूरी तरह से विकास और शिक्षा परियोजनाओं पर केंद्रित रही।
#BeautyOfDemocracy#Meghalaya CM's wife questions her own husband, CM Conrad Sangma in Assembly#DEBAT pic.twitter.com/UC95fzvdid
— Orugallu updates (@orugalluupdates) February 25, 2026

