गणपति दर्शन के बाद भीड़ में फंसे सलमान, बच्चे के लिए किया कुछ ऐसा कि वायरल हुआ वीडियो
सलमान का यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान गणेश चतुर्थी के मौके पर महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार के घर भगवान गणेश के दर्शन करने पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद जब वह अपने घर के लिए रवाना हुए, तो उनके आसपास फैंस और पैपराजी की भारी भीड़ जमा हो गई।
इस दौरान सलमान भीड़ से रास्ता खाली करने की अपील करते नजर आए। वहीं, एक बच्चे को देखकर अभिनेता रुक गए और उससे हाथ मिलाकर उसे भीड़ से बाहर निकलने में मदद की। सलमान का यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
भीड़ से रास्ता बनाने की अपील करते दिखे सलमान
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सलमान खान आशीष शेलार के घर से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। अभिनेता के माथे पर तिलक लगा हुआ था और उन्होंने सिर पर बीनी पहन रखी थी। जैसे ही वह बाहर आए, फैंस और फोटोग्राफर्स ने उन्हें घेर लिया। भीड़ बढ़ने पर सलमान ने लोगों से पीछे हटने और रास्ता साफ करने को कहा। उन्होंने हाथ जोड़कर भी लोगों से रास्ता देने की अपील की। इस दौरान उनकी सिक्योरिटी टीम उन्हें कार तक ले जाने की कोशिश करती नजर आई।
बच्चे को देखकर रुके सलमान खान
भीड़ के बीच एक बच्चा सलमान खान के पास पहुंचा, तो अभिनेता अचानक रुक गए। उन्होंने बच्चे से हाथ मिलाया और फिर उसे धीरे से भीड़ से बाहर निकलने में मदद की। इसके बाद सलमान अपनी कार की ओर बढ़ गए। पैपराजी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अभिनेता के इस व्यवहार ने लोगों का ध्यान खींचा है।
कई गणपति समारोह में शामिल हो रहे हैं सलमान
सलमान खान गणेश चतुर्थी के दौरान कई गणपति समारोह में शामिल हो रहे हैं। इससे पहले वह अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अपने भाई सोहेल खान के घर परिवार के साथ गणपति विसर्जन में भी हिस्सा लिया।
बिग बॉस होस्ट कर रहे हैं सलमान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान फिलहाल रियलिटी शो 'बिग बॉस' के मौजूदा सीजन को होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था और इसे अप्रैल में रिलीज किया जाना था। हालांकि, फिल्म की रिलीज टाल दी गई है और नई रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं हुई है।

