कैटरीना के सपोर्ट में उतरे सलमान? वजन पर कमेंट करने वालों को फटकार, बोले- प्रेग्नेंसी के बाद होता है, इसमें गलत क्या
भाई सोहेल खान और अभिनेता वरुण को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए
Bigg Boss 20: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान सोशल मीडिया पर लोगों को ट्रोल करने वालों पर जमकर भड़के। बिग बॉस 20 के हालिया एपिसोड में उन्होंने खासतौर पर महिलाओं के शरीर, उम्र और लुक्स को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। सलमान ने प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के बढ़ते वजन पर ट्रोलिंग को भी गलत बताया। इसके साथ ही उन्होंने अपने भाई सोहेल खान और अभिनेता वरुण को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए।
प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं को ट्रोल करने पर भड़के सलमान
सलमान खान ने बिना किसी का नाम लिए उन लोगों को फटकार लगाई, जो प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के बढ़े हुए वजन को लेकर उन्हें ट्रोल करते हैं। उनका बयान हाल ही में अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में नजर आईं कैटरीना कैफ को लेकर हुई ऑनलाइन चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। सलमान ने कहा कि किसी ऐसी महिला को क्यों ट्रोल करते हैं, जो प्रेग्नेंट हुई है? प्रेग्नेंसी के बाद हर किसी का वजन बढ़ता है। जब वह फिल्मों में वापस आएगी, तो फिट हो जाएगी। वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती है। इस दौरान महिलाओं के प्रति सोशल मीडिया पर होने वाली नकारात्मक टिप्पणियों पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
'मैं 60 साल का हूं, तो क्या हुआ?'
सलमान खान ने खुद को लेकर होने वाली एज शेमिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग उन्हें बूढ़ा कहकर ट्रोल करते हैं। बेशक, मैं 60 साल का हूं। आप हमेशा 'मैंने प्यार किया' वाला नहीं रह सकते। अचानक मेरी उम्र लोगों के लिए मुद्दा बन गई है। सलमान ने आगे कहा कि उन्हें पता है कि कौन-कौन उन्हें ट्रोल करता है, लेकिन वह इन बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देते। उन्होंने अपने फैंस की संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इन टिप्पणियों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
कैमरे के सामने उतारी शर्ट, ट्रोलर्स को दिया जवाब
एपिसोड के दौरान सलमान खान ने ट्रोलर्स को जवाब देने के लिए अपनी शर्ट और टोपी उतार दी। उन्होंने कैमरे के सामने अपना मेकअप भी पोंछा और कहा कि जो लोग उन्हें ट्रोल करना चाहते हैं, वे अब कर सकते हैं। सलमान ने अपने फिट फिजीक को दिखाते हुए स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आलोचनाओं से वह परेशान नहीं हैं। उन्होंने अपने भाई सोहेल खान और वरुण को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी नाराजगी जताई। सलमान ने कहा कि पहले खुद को देखो, अपने शरीर को देखो, उसके बाद ये सब करना। अपने मां-बाप को देखो, फिर ट्रोल करना और मजाक उड़ाना। सोहेल और वरुण का मजाक उड़ाना सही नहीं है।"
पपराजी को भी सलमान खान ने लगाई फटकार
सलमान खान ने अभिनेत्रियों और महिलाओं की अनुचित तस्वीरें लेने वाले पपराजी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कई बार फोटोग्राफर्स महिलाओं के हिप्स, पैरों और पीछे से तस्वीरें खींचते हैं, जो उन्हें पसंद नहीं होता। उन्होंने अपनी भतीजी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वह चल रही होती है, तो पपराजी पीछे से उसकी तस्वीर लेकर 'पहचानो ये कौन है?' जैसे कैप्शन डालते हैं। सलमान ने महिलाओं को ऐसी स्थिति में आवाज उठाने की सलाह दी और कहा कि इस तरह की मानसिकता बेहद गलत है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर लोग महिलाओं की निजता और सम्मान का ध्यान क्यों नहीं रखते।

