उत्तराखंड की रेणु धारियाल ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 8 फीट 10 इंच लंबे हैं बाल
2015 से नहीं कटवाए बाल, 271.50 सेंटीमीटर लंबाई के साथ पिछला रिकॉर्ड तोड़ा; बालों की देखभाल में लगते हैं कई घंटे
उत्तराखंड की रेणु धारियाल ने अपने असाधारण रूप से लंबे बालों की वजह से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर (8 फीट 10 इंच) मापी गई है। इसके साथ ही उन्होंने सबसे लंबे बालों का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 257.33 सेंटीमीटर लंबे बालों के नाम था।
रेणु के रिकॉर्ड की पुष्टि अप्रैल में हल्द्वानी में की गई थी। उन्होंने वर्ष 2015 से अपने बाल नहीं कटवाए हैं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से बातचीत में उन्होंने बताया कि लंबे बाल रखने की प्रेरणा उन्हें भारतीय परंपराओं से मिली, जहां लंबे बालों को सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है।
View this post on Instagram
बालों की देखभाल में लगते हैं कई घंटे
इतने लंबे बालों को संभालना रेणु के लिए आसान नहीं है। वह बालों को स्वस्थ और नुकसान से बचाने के लिए उन्हें धोने, सुखाने और सुलझाने में कई घंटे बिताती हैं। इसके अलावा वह बालों की देखभाल के लिए प्राकृतिक तरीकों को अपनाती हैं।
रेणु घर पर तैयार किए गए तेल और शैंपू का इस्तेमाल करती हैं। उनका कहना है कि प्राकृतिक हेयर केयर रूटीन से वह अपने बालों को पोषण देने और स्वस्थ रखने की कोशिश करती हैं।
समुदाय और दूसरों को प्रेरित करना चाहती हैं
रेणु को उम्मीद है कि उनका यह रिकॉर्ड उनके समुदाय को पहचान दिलाने में मदद करेगा। साथ ही वह चाहती हैं कि उनकी उपलब्धि दूसरे लोगों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करे।
रेणु की उपलब्धि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘‘रॅपन्ज़ेल, रॅपन्ज़ेल, अपने बाल नीचे करो।’’ वहीं एक अन्य यूजर ने उनसे उनके बालों की देखभाल की दिनचर्या बताने की मांग की।

