Ramayana : रातों-रात फिल्म से हुए रिप्लेस, टूट गए थे नितीश शर्मा... फिर 'रामायण' ने बदल दी किस्मत
करियर का सबसे बड़ा झटका बना नई शुरुआत
Ramayana : बॉलीवुड में कई बार एक झटका ही जिंदगी की सबसे बड़ी सफलता का रास्ता खोल देता है। अभिनेता नितीश शर्मा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' में शत्रुघ्न का किरदार निभा रहे नितीश ने खुलासा किया है कि इस फिल्म तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था। एक समय ऐसा भी आया, जब उन्हें एक बड़ी फिल्म से शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले बिना किसी ठोस वजह के रिप्लेस कर दिया गया था।
'सिर्फ एक मैसेज आया और मैं टूट गया'
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में नितीश ने बताया कि 2023 में लंबे संघर्ष, कई ऑडिशन और रिजेक्शन के बाद उन्हें एक बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्म में अहम भूमिका मिली थी। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और शूटिंग शुरू होने वाली थी। लेकिन अचानक उन्हें एक मैसेज मिला कि उनकी जगह एक सीनियर अभिनेता को ले लिया गया है। न कोई विस्तृत कारण, न कोई सफाई। इस खबर ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि वह कई दिनों तक रोते रहे और समझ नहीं पाए कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों हुआ।
View this post on Instagram
रामचरितमानस के पाठ के बीच आया जिंदगी बदलने वाला कॉल
नितीश ने बताया कि वह अपने घर लौट गए, जहां हनुमान मंदिर में नियमित रूप से रामचरितमानस का पाठ होता है। मां की सलाह पर उन्होंने भी पाठ शुरू किया। संयोग ऐसा रहा कि भरत मिलाप का प्रसंग पढ़ते समय उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से फोन आया। यही कॉल उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और उन्हें 'रामायण' में शत्रुघ्न का रोल मिल गया।
'रामायण' को बताया ईश्वर का आशीर्वाद
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "रामायण का ट्रेलर आ चुका है और ये मेरे दिल के बहुत करीब है। कभी फील होता है कि जिंदगी का सबसे बड़ा सेटबैक कई बार बड़ी शुरुआत का कारण बन जाता है। मैं बहुत आभारी हूं कि मुझे रामायण में शत्रुघ्न का रोल मिला। नमित सर, नितेश सर, मुकेश सर और पूरी टीम का आभारी हूं। सबसे ऊपर प्रभु श्री राम का आभारी हूं। पार्ट 2 का इंतजार कीजिए। कहानी में और भी ज्यादा मैजिक के लिए।"

