Ramayana : गणेश चतुर्थी पर सामने आई 'सिया-राम' की पहली झलक, रणबीर-साई के नए पोस्टर ने बढ़ाया रामायण का क्रेज; पहला गाना भी रिलीज
‘रामायण’ ने गणेश चतुर्थी पर फैंस को दिया डबल सरप्राइज, पहला गाना ‘जय जय राम’ भी रिलीज
Ramayana Poster Release : रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस का एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रहा है। गणेश चतुर्थी के खास मौके पर मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी भगवान राम और माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं।
‘सिया-राम’ के रूप में दिखे रणबीर-साई
म्यूजिक लेबल टी-सीरीज ने सोशल मीडिया पर ‘सिया-राम’ का नया पोस्टर शेयर किया। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में दिखाई दे रही हैं। पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा कि यह ‘सिया-राम के शाश्वत बंधन’ का जश्न है। पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खासतौर पर रणबीर और साई की जोड़ी को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है।
View this post on Instagram
ट्रेलर में दिखी रामायण की झलक
हाल ही में ‘रामायण’ का ट्रेलर भी सामने आया था। इसमें यश को रावण के किरदार में दमदार अंदाज में पेश किया गया है। वहीं रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आती हैं। ट्रेलर में राम-सीता विवाह, कैकेयी की इच्छा और 14 साल के वनवास की झलक भी देखने को मिली। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत हंस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है।
अरिजीत-श्रेया की आवाज में गूंजा राम नाम
‘जय जय राम’ को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गाने की शुरुआत और इसकी पूरी धुन में श्रीराम के नाम का बार-बार स्मरण सुनाई देता है, जो इसे एक भक्तिमय एहसास देता है। वहीं, इसकी प्रस्तुति इसे सिर्फ एक आरती तक सीमित नहीं रखती, बल्कि एक भव्य सिनेमाई गीत का रूप देती है। गाने के बोल भगवान राम के करुणामय स्वरूप, उनकी रक्षा करने की भावना और धर्म के प्रति उनकी निष्ठा को सामने रखते हैं। फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल ‘द वर्ल्ड ऑफ रामायण’ ने भी गाने को सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
View this post on Instagram
AR Rahman ने बताया गाने के पीछे का मकसद
एआर रहमान ने गाने के बारे में कहा कि इसका मकसद श्रीराम की प्रार्थना की पवित्रता और आत्मीयता को बनाए रखना था। उनके मुताबिक, ‘जय जय राम’ के केंद्र में श्रीराम के नाम का सरल और प्रभावशाली जाप है। रहमान ने बताया कि अरिजीत और श्रेया ने कुमार विश्वास के शब्दों को अपनी अलग भावनात्मक अभिव्यक्ति दी है, लेकिन गाने की मूल भक्ति भावना को बरकरार रखा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत दर्शकों को शांति और व्यक्तिगत जुड़ाव का एहसास देगा।
दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं ‘रामायण: पार्ट 2’ को दिवाली 2027 में रिलीज करने की तैयारी है। ऐसे में मेकर्स धीरे-धीरे फिल्म के किरदारों, संगीत और कहानी से जुड़े नए अपडेट सामने ला रहे हैं।

