Ramandeep-Charlie Wedding : क्रीम शेरवानी में दूल्हे रमनदीप, मैरून लहंगे में दुल्हन चार्ली; शादी की तस्वीरों ने जीता दिल
दोनों ने पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ शादी की
घरेलू क्रिकेट में पंजाब और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रतिनिधित्व करने वाले क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने टीवी अभिनेत्री चार्ली चौहान के साथ शादी कर ली है। दोनों ने पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ शादी की। निजी समारोह में परिवार, करीबी दोस्तों के अलावा क्रिकेट और टेलीविजन जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।
शादी में पहुंचे क्रिकेट और टीवी जगत के सितारे
रमनदीप और चार्ली की शादी में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज नमन धीर, तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार और पंजाब के क्रिकेटर जसिंदर सिंह समेत कई करीबी लोग शामिल हुए। टीवी अभिनेता जय भानुशाली ने भी शादी समारोह की एक तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की।
क्रीम शेरवानी में दिखे रमनदीप, ब्राइडल लुक में चार्ली
शादी के खास मौके पर रमनदीप सिंह कढ़ाई वाली क्रीम रंग की शेरवानी में नजर आए। वहीं चार्ली चौहान ने भारी पारंपरिक आभूषणों के साथ मैरून रंग का खूबसूरत ब्राइडल लहंगा पहना। पंजाबी परंपराओं के बीच दोनों की जोड़ी बेहद आकर्षक नजर आई।
टीवी की दुनिया में पहचान बना चुकी हैं चार्ली
चार्ली चौहान टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह ‘कैसी ये यारियां’ और ‘बेस्ट फ्रेंड्स फॉरएवर’ जैसे लोकप्रिय शो का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा वह एमटीवी के रियलिटी शो ‘रोडीज’ में भी नजर आई थीं। चार्ली ने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ में भी हिस्सा लिया है।
KKR की खिताबी टीम का हिस्सा रहे हैं रमनदीप
रमनदीप सिंह पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर पहचान बनाने वाले रमनदीप अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए भी जाने जाते हैं। वह 2024 में IPL खिताब जीतने वाली KKR टीम का हिस्सा थे।

