पंजाब की ‘कैश वेडिंग’ चर्चा में, दावा- दुल्हन पर कर दी 8.5 करोड़ रुपये के नोटों की बारिश, परिवार ने इतनी राशि के दावे को बताया गलत
Punjab Cash Wedding: परिवार ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा है कि असल रकम इससे कहीं कम थी
Punjab Cash Wedding: पंजाब के तरनतारन में हुई एक शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें दुल्हन पर नोटों की बारिश होती दिखाई दे रही है। वीडियो के साथ दावा किया गया कि शादी में 8.5 करोड़ रुपये लुटाए गए। हालांकि परिवार ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा है कि असल रकम इससे कहीं कम थी।
वायरल क्लिप में दुल्हन स्टेज पर खड़ी नजर आती है, जबकि मेहमान उसके ऊपर नोट उछाल रहे हैं। फर्श पर बड़ी संख्या में नोट बिखरे दिखाई देते हैं और मेहमान ढोल-डीजे की धुन पर नाचते नजर आते हैं। इसे सोशल मीडिया पर “ग्रैंड कैश पार्टी” कहकर शेयर किया गया और करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा किया गया।
परिवार की सफाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूल्हे के भाई सिकंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि यह दावा पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि उनके भाई का ऑस्ट्रेलिया में ट्रक का कारोबार है और 14 फरवरी को हुई शादी में खुशी के तौर पर करीब 2 लाख रुपये ही लुटाए गए थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इसे करोड़ों रुपये बताना गलत है और वास्तविकता को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है।
इवेंट मैनेजर और डीजे का बयान
शादी का आयोजन संभालने वाले इवेंट मैनेजर और डीजे ने भी बताया कि कुल मिलाकर लगभग 4 लाख रुपये के नोट, जिनमें कुछ डॉलर भी शामिल थे, समारोह में इस्तेमाल किए गए। उनका कहना है कि 8.5 करोड़ रुपये की बात कहां से आई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे पंजाबी शादी की शान और जश्न की परंपरा बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे दिखावे और फिजूलखर्ची का उदाहरण बता रहे हैं।
वायरल वीडियो में दूल्हन-दूल्हे पर नोटों की बारिश! लोग कह रहे 8.5 करोड़ उड़ाए। फैमिली ने खारिज किया,असल में सिर्फ 2-4 लाख थे, सोशल मीडिया ने बढ़ा चढ़ाकर फैलाया। शो-ऑफ या जश्न? #PunjabiWedding #MoneyRain #ViralShaadi #BigFatWedding #PunjabCulture pic.twitter.com/xCTqfnzEMo
— United Bharat (@UnitedBharatUP) February 18, 2026

