Punjab Attari Border : अटारी बॉर्डर पर गूंजा 'मां तुझे सलाम', ए. आर. रहमान ने जवानों को किया नमन
रहमान ने 'मैं वापस आऊंगा' की रिलीज से पहले अटारी सीमा पर प्रस्तुति देकर बीएसएफ को सलामी दी
Punjab Attari Border : ऑस्कर विजेता संगीतकार और गायक ए. आर. रहमान ने रविवार को पंजाब के अटारी बॉर्डर पर पहली बार लाइव प्रस्तुति दी। उन्होंने अपने गीतों के जरिए सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों को सम्मान और सलामी दी। यह कार्यक्रम अटारी स्थित संयुक्त जांच चौकी (जेसीपी) स्टेडियम में बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नाम "जय हो - वीर जवानों को संगीतमय सलामी" रखा गया था।
रहमान ने गाए अपने पसंदीदा गाने
यह आयोजन फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली की आने वाली फिल्म "मैं वापस आऊंगा" के प्रमोशन के लिए भी किया गया। भारत-पाकिस्तान सीमा और विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में ए. आर. रहमान ने अपने मशहूर गीत "चंदा सूरज लाखों तारे" से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने फिल्म "मैं वापस आऊंगा" के कई गीत भी प्रस्तुत किए।
अन्य कलाकारों ने भी बांधा समां
फिल्म का गीत "मस्कारा" नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया। वेदांग रैना फिल्म में विभाजन-पूर्व भारत के एक युवा का किरदार निभा रहे हैं। इसके बाद गायक मोहित चौहान ने पूजा तिवारी और नरगिस के साथ मिलकर "इश्क मस्ताना" गीत गाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
'मां तुझे सलाम' के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब ए. आर. रहमान ने अपना लोकप्रिय देशभक्ति गीत "मां तुझे सलाम" प्रस्तुत किया। इस गीत के साथ पूरे कार्यक्रम का समापन हुआ और मौजूद दर्शकों ने जोरदार तालियों से कलाकारों का स्वागत किया।
गौरतलब है कि इम्तियाज अली की फिल्म "मैं वापस आऊंगा" 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन और सीमा से जुड़ी भावनात्मक कहानी पर आधारित है।
