मुझे गालियां देते हैं, मेरी सेक्सुअलिटी से लोगों का लेना-देना नहीं; सुशांत से रानी बने एक्टर का छलका दर्द, ट्रोलर्स को दिखाया आईना
ट्रोलिंग पर भड़कीं ट्रांसजेंडर एक्टर, कहा- लोग बेवजह गालियां देते हैं
Rani Ko He Noor Troll : फेमस एक्टर और मॉडल सुशांत दिवगीकर अब अपनी नई पहचान रानी को-ही-नूर के नाम से जाने जाते हैं। जन्म से सुशांत लड़के थे, लेकिन उन्होंने अपने दिल की सुनी और ट्रांसजेंडर महिला के रूप में जीवन जीने का फैसला किया। आज वह अपनी नई पहचान के साथ बेहद खुश और आत्मविश्वास से भरी हुई हैं।
बचपन से था खुद को बदलने का सपना
रानी ने बताया कि बचपन से ही उन्हें लगता था कि उनकी असली पहचान एक लड़की का है। उन्होंने समाज के डर और लोगों की बातों की परवाह किए बिना अपने सपनों को पूरा किया। आज वह अपनी शर्तों पर जिंदगी जी रही हैं और अपने फैसले पर गर्व महसूस करती हैं।
View this post on Instagram
प्रणित मोरे के शो में किया खुलकर बात
हाल ही में रानी को-ही-नूर स्टैंडअप कॉमेडियन और बिग बॉस फेम प्रणित मोरे के शो में नजर आईं। यहां उन्होंने अपनी जिंदगी और सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर खुलकर बातचीत की। जब प्रणित ने उनसे उनकी पहचान और बदलाव के बारे में पूछा, तो रानी ने कहा कि जिंदगी एक ही बार मिलती है, इसलिए जो मन करे, वही करना चाहिए।
"मुझे पब्लिकली कमेंट्स में गाली देते हैं"
सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग के बारे में बात करते हुए रानी ने कहा, "मैं बांद्रा में रहती हूं और बहुत चिल हूं। वहां कौन मुझे कौन से गटर से दूसरों का वाइफाई यूज करके मैसेज करता है मुझे नहीं पता। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। लोग मुझे पब्लिकली कमेंट्स में गाली देते हैं और डीएम करते हैं।"
लोगों को मेरी सेक्सुअलिटी से मतलब नहीं होना चाहिए
उन्होंने कहा, "पहले मैं सोचती थी कि इनका क्या चल रहा है? फिर मुझे एहसास हुआ कि जो लोग अपने बारे में ही श्योर नहीं हैं वो दूसरों को ही ट्रोल करेंगे। किसी की सेक्सुअलिटी या पहचान पर सवाल उठाना गलत है। मैं लड़का हूं या लड़की हूं...इससे लोगों को क्या मतलब है? लोग चाहे कुछ भी कहें, लेकिन उनकी जिंदगी और उनकी पहचान सिर्फ उनकी है।
सुशांत दिवगीकर से रानी को-ही-नूर बनने का सफर आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हर मुश्किल का सामना किया। आज वह एक सफल मॉडल और कलाकार हैं, जिनकी सोशल मीडिया पर अच्छी फैन फॉलोइंग है। वह अपनी जिंदगी को पूरी आजादी और खुशी के साथ जी रही हैं।
