Palash Muchhal Case : बदसलूकी की, गालियां दी और पैसे हड़पे... स्मृति के दोस्त ने पलाश मुच्छल पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज
स्मृति मंधाना के दोस्त ने पलाश मुश्किल के खिलाफ दर्ज करवाया केस
Palash Muchhal Case : म्यूजिशियन-डायरेक्टर पलाश मुच्छल इन दिनों कानूनी विवादों में घिर गए हैं। उनकी एक्स मंगेतर स्मृति मंधाना के दोस्त विज्ञान माने ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। शिकायत में कहा गया है कि पलाश ने उनसे पैसे लिए, जातिसूचक गालियां दीं और अपमानजनक व्यवहार किया। इन आरोपों के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है, क्योंकि यह अत्याचार अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। इस पूरे विवाद ने इंडस्ट्री और फैंस के बीच हलचल मचा दी है, और अब सभी की नजरें इस केस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
मुश्किल में पलाश मुच्छल
पलाश के खिलाफ यह मामला महाराष्ट्र के सांगली में दर्ज किया गया है। यह शिकायत उनकी और स्मृति की दिसंबर 2025 में रद्द हुई शादी के कई महीनों बाद सामने आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
फिल्म में रोल देने का किया था वादा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 34 वर्षीय विज्ञान माने सांगली के रहने वाले हैं और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। माने का आरोप है कि पलाश ने उनसे ‘नजरिया’ नाम की एक फिल्म के लिए करीब 25 लाख रुपये निवेश के तौर पर लिए थे। इसके साथ ही उन्हें फिल्म में एक रोल देने का वादा भी किया गया था। यह तय हुआ था कि फिल्म रिलीज होने के बाद निवेश की रकम के साथ मुनाफा भी लौटा दिया जाएगा।
पैसे ना लौटाने का लगा आरोप
माने का कहना है कि उन्होंने कई बार अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन पलाश हर बार उन्हें टालते रहे। बाद में उन्होंने साफ तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और कहा कि उन पर कोई बकाया नहीं है। जब वह पैसे मांगने के लिए पलाश से मिले, तो गायक ने उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया और जातिसूचक गालियां दीं।
आखिरकार सांगली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, विज्ञान प्रकाश माने की शिकायत पर पलाश मुच्छल के खिलाफ जातिगत अपमान और अश्लील भाषा के आरोप में केस दर्ज किया गया है। हालांकि माने का दावा है कि फिल्म कभी बनी ही नहीं और उन्हें उनका पैसा भी वापस नहीं मिला। अब इस पूरे मामले ने कानूनी रूप ले लिया है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

