ना सीट मिली, ना चैन... मुंबई लोकल में पानी का गिलास लेकर निकला युवक, फिर भी नहीं गिरी एक बूंद
लोकल ट्रेन में सफर करते हुए पानी से भरा गिलास संभालने का फैसला किया
Local Train Challenge : मुंबई की लोकल ट्रेन को यूं ही शहर की लाइफलाइन नहीं कहा जाता। रोजाना लाखों लोग भीड़, धक्का-मुक्की और भागदौड़ के बीच सफर करते हैं। ऐसे माहौल में अगर किसी को पानी से लबालब भरा गिलास पकड़ाकर ट्रेन में सफर करने को कहा जाए, तो शायद कुछ मिनट भी मुश्किल लगे। एक कंटेंट क्रिएटर ने इसे चैलेंज बना लिया।
भीड़ और धक्कों के बीच बढ़ी चुनौती
मुंबई के कंटेंट क्रिएटर प्रणय जोशी ने चर्चगेट से विरार तक लोकल ट्रेन में सफर करते हुए पानी से भरा गिलास संभालने का फैसला किया। उनका लक्ष्य था कि पूरे सफर में गिलास से एक बूंद पानी भी बाहर न गिरे। जैसे ही प्रणय ट्रेन में चढ़े, असली परीक्षा शुरू हो गई। ट्रेन में लगातार बढ़ती भीड़, यात्रियों की आवाजाही और धक्कों के बीच गिलास को संभालना आसान नहीं था।
यात्रियों की भी टिकी रहीं नजरें
जरा सी चूक पूरे चैलेंज को खत्म कर सकती थी। सफर के दौरान कई यात्रियों की नजर प्रणय के हाथ में पकड़े गिलास पर पड़ी। कुछ लोग हैरान दिखे, तो कुछ मुस्कुराते हुए उनकी कोशिश को देखते रहे। कई लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर वह ऐसा क्यों कर रहे हैं।
View this post on Instagram
बहस के बीच भी नहीं छोड़ा हौसला
वीडियो में एक समय ऐसा भी दिखा जब ट्रेन के डिब्बे में कुछ यात्रियों के बीच बहस शुरू हो गई। माहौल थोड़ा अफरा-तफरी वाला हो गया, लेकिन प्रणय का पूरा ध्यान अपने गिलास पर ही रहा। उन्होंने पूरे सफर में उसे मजबूती से पकड़े रखा।
विरार पहुंचकर दिखाया कमाल
करीब 60 किलोमीटर का सफर पूरा करने के बाद जब प्रणय विरार स्टेशन पहुंचे, तो उन्होंने कैमरे के सामने गिलास दिखाया। हैरानी की बात यह रही कि गिलास लगभग पूरा भरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने थम्स-अप दिखाकर अपना चैलेंज पूरा होने का जश्न मनाया।
वीडियो वायरल होते ही लोगों के मजेदार कमेंट्स आने लगे। कुछ यूजर्स ने इसे शानदार बैलेंस बताया, तो कुछ ने मजाक में इसे "बेरोजगारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड" कह दिया। वहीं कई लोगों का कहना था कि वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स को भी बराबर का क्रेडिट मिलना चाहिए। फिलहाल यह अनोखा चैलेंज सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
