Musafir Cafe Sequel : क्या चंदर को मिलेगा सच्चा प्यार? मुसाफिर कैफे 2 का ऐलान, अनसुलझे सवालों के मिलेंगे जवाब
कहानी एक बार फिर चंदर, सुधा और प्रीति की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमेगी
Musafir Cafe Sequel : नेटफ्लिक्स ने अपनी चर्चित रोमांटिक सीरीज 'मुसाफिर कैफे' के दूसरे सीजन का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पहले सीजन को दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद मेकर्स अब कहानी को नए अध्याय के साथ आगे बढ़ाने जा रहे हैं। हालांकि, दूसरे सीजन की रिलीज डेट का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है।
इन सवालों के जवाब सीजन 2 में देखने को मिलेंगे
नेटफ्लिक्स के अनुसार, नया सीजन पहले भाग में अधूरी रह गई भावनाओं, रिश्तों और कई अनसुलझे सवालों के जवाब लेकर आएगा। मेकर्स ने संकेत दिया है कि कहानी एक बार फिर चंदर, सुधा और प्रीति की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमेगी। क्या चंदर अपने दिल की असली आवाज पहचान पाएगा? क्या सुधा और चंदर को एहसास होगा कि कुछ रिश्ते कभी खत्म नहीं होते? और क्या प्रीति प्यार और साथ के नए मायने तलाशती रहेगी? इन सवालों के जवाब सीजन 2 में देखने को मिलेंगे।
दर्शकों से मिले प्यार ने बेहद भावुक कर दिया
सीरीज की क्रिएटर और राइटर शरण्या राजगोपाल ने कहा कि दर्शकों से मिले प्यार ने उन्हें बेहद भावुक कर दिया। उनके मुताबिक, यह देखना खास अनुभव रहा कि लोगों ने चंदर, सुधा और प्रीति जैसे किरदारों को सिर्फ पसंद ही नहीं किया, बल्कि उनसे खुद को भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि इसकी असली यात्रा अब शुरू हो रही है। उन्होंने इस सफर में भरोसा जताने और रचनात्मक सहयोग देने के लिए नेटफ्लिक्स का भी आभार व्यक्त किया।
'मुसाफिर कैफे' ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई
वहीं, नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा कि 'मुसाफिर कैफे' ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। शो के किरदारों, संवादों, संगीत और इसके अंत को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा होती रही। उन्होंने कहा कि रोमांस ऐसा जॉनर है जो सही कहानी और ईमानदार प्रस्तुति के साथ लोगों से गहरा जुड़ाव बना सकता है। नेटफ्लिक्स इस दिशा में आगे भी मजबूत कंटेंट पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शरण्या राजगोपाल द्वारा रचित और लिखित तथा रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी यह सीरीज लेखक दिव्या प्रकाश दुबे के लोकप्रिय उपन्यास के किरदारों पर आधारित है। इसे Terribly Tiny Tales (TTT) और Homemade Stories ने प्रोड्यूस किया है। सीरीज में विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो, महिमा मकवाना, आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा और सादिया सिद्दीकी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

