Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Meta AI update 2026: मेटा ने किशोरों के लिए ‘एआई कैरेक्टर’ की सुविधा पर अस्थायी रोक लगाई

Meta AI update 2026: रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक इसका नया और बेहतर संस्करण तैयार नहीं हो जाता

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सांकेतिक फाइल फोटो।
Advertisement

Meta AI update 2026: अमेरिका की बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने किशोरों के लिए कृत्रिम मेधा (AI) आधारित ‘कैरेक्टर’ तक पहुंच पर अस्थायी रूप से रोक लगाने का फैसला किया है। कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक ब्लॉग पोस्ट में इसकी जानकारी दी।

इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप की मूल कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक ने बताया कि आने वाले कुछ हफ्तों तक किशोरों को ‘एआई कैरेक्टर’ यानी एआई से संचालित डिजिटल किरदारों तक पहुंच नहीं मिलेगी। यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक इसका नया और बेहतर संस्करण तैयार नहीं हो जाता।

Advertisement

कंपनी के अनुसार, यह फैसला उन सभी उपयोगकर्ताओं पर लागू होगा जिन्होंने अपनी जन्मतिथि ऐसी दर्ज की है, जिससे वे नाबालिग साबित होते हैं। इसके अलावा, यह प्रतिबंध उन खातों पर भी लागू किया जाएगा, जिन्हें उम्र अनुमान लगाने वाली मेटा की तकनीक के आधार पर किशोर माना गया है, भले ही उन्होंने खुद को वयस्क बताया हो।

Advertisement

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब मेटा, टिकटॉक और गूगल के यूट्यूब को बच्चों पर इनके प्लेटफॉर्म्स के कथित नकारात्मक प्रभावों को लेकर अगले सप्ताह लॉस एंजिलिस में मुकदमों का सामना करना है।

हालांकि, किशोर मेटा के ‘एआई असिस्टेंट’ का उपयोग कर सकेंगे, लेकिन ‘एआई कैरेक्टर’ की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। बच्चों पर एआई आधारित बातचीत के संभावित प्रभावों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अन्य कंपनियों ने भी किशोरों के लिए एआई चैटबॉट्स पर रोक लगाने जैसे कदम उठाए हैं।

गौरतलब है कि ‘कैरेक्टर डॉट एआई’ ने पिछले वर्ष ही किशोरों के लिए अपने चैटबॉट पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी थी। यह कंपनी बाल सुरक्षा से जुड़े कई मुकदमों का सामना कर रही है, जिनमें एक मामला उस मां द्वारा दायर किया गया है, जिसने आरोप लगाया है कि कंपनी के चैटबॉट ने उसके किशोर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया।

Advertisement
×