Lutyens Delhi Bungalow Sale: लुटियंस बंगलो जोन में 1000 करोड़ की मेगा डील, टिहरी गढ़वाल हाउस बिकने की तैयारी
Lutyens Delhi Bungalow Sale: रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डील अंतिम चरण में है
Lutyens Delhi Bungalow Sale: उत्तराखंड की पूर्व रियासत टिहरी गढ़वाल के महाराजा मनुजेंद्र शाह दिल्ली के प्रतिष्ठित लुटियंस बंगलो जोन स्थित अपनी आलीशान संपत्ति को लगभग 1,000 करोड़ रुपये में बेचने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डील अंतिम चरण में है और खरीदार खाद्य एवं पेय (F&B) क्षेत्र से जुड़े एक स्थानीय उद्योगपति बताए जा रहे हैं।
यह संपत्ति प्लॉट नंबर 5, ब्लॉक नंबर 159, 5 भगवान दास रोड पर स्थित है और करीब 3.2 एकड़ (लगभग 12,950 वर्ग मीटर) में फैली हुई है। लुटियंस दिल्ली देश के सबसे महंगे और प्रतिष्ठित रियल एस्टेट इलाकों में गिना जाता है, जहां खुले परिसर और भव्य आवासीय संरचनाएं इसकी पहचान हैं।
ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा ‘टिहरी गढ़वाल हाउस’
यह बंगला टिहरी गढ़वाल राजघराने की ऐतिहासिक दिल्ली रिहाइश के रूप में जाना जाता है। पंवार राजपूत वंश की यह विरासत 823 ईस्वी में कनक पाल से शुरू हुई थी। 1803 में गोरखा आक्रमण के बाद 1815 के एंग्लो-नेपाल युद्ध के उपरांत सुदर्शन शाह ने पश्चिमी गढ़वाल को फिर से हासिल कर टिहरी रियासत की स्थापना की।
ब्रिटिश काल में बढ़ते प्रभाव के बीच राजपरिवार ने दिल्ली में इस संपत्ति को अपने शहरी ठिकाने के रूप में विकसित किया। आजादी के बाद 1949 में टिहरी रियासत के उत्तर प्रदेश में विलय के बावजूद यह संपत्ति राजपरिवार की पहचान बनी रही। वर्तमान में यह आवास भाजपा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह का भी निवास है, जो टिहरी गढ़वाल से लोकसभा सदस्य हैं।
डील अंतिम चरण में
रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित खरीदार पहले भी लुटियंस दिल्ली में एक और ऐतिहासिक संपत्ति पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित आवास को 1,100 करोड़ से अधिक में खरीदने का समझौता कर चुके हैं। हालांकि, खरीदार की पहचान आधिकारिक तौर पर उजागर नहीं की गई है। खरीदार की ओर से प्रतिनिधित्व कर रही एक प्रमुख लॉ फर्म ने संपत्ति खरीदने में रुचि का नोटिस जारी किया है।

