Jennifer Lopez Tattoo : मुझे ठीक इसी की जरूरत थी... प्यार की निशानी मिटाने लगीं जेनिफर? टैटू से गायब हुआ एक्स हसबैंड बेन अफ्लेक का नाम
बेन अफ्लेक से अलग होते ही बदला जेनिफर लोपेज का टैटू
Jennifer Lopez Tattoo : हॉलीवुड स्टार जेनिफर लोपेज एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि उनका बदला हुआ टैटू है। दरअसल, जेनिफर ने अपने पूर्व पति बेन अफ्लेक के नाम वाला टैटू बदलवा लिया है। कभी प्यार की निशानी माना जाने वाला यह टैटू अब उनके रिश्ते के अंत की कहानी बयां करता नजर आ रहा है।
मेमोरियल डे की तस्वीरों से खुला राज
जेनिफर लोपेज ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर मेमोरियल डे सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में वह अपने बेटे मैक्स के साथ नजर आईं, लेकिन लोगों की नजर उनकी बैकलेस ड्रेस पर गई, जिसमें उनका टैटू साफ दिखाई दे रहा था। पहले इस टैटू में 'जेनिफर' और 'बेन' नाम एक अनंत चिन्ह के साथ बने हुए थे, लेकिन अब तस्वीरों में केवल 'जेनिफर' का हिस्सा नजर आया, जबकि बेन अफ्लेक का नाम ढका हुआ दिखाई दिया।
प्यार की निशानी था टैटू
जेनिफर ने यह टैटू साल 2023 में बनवाया था। उस समय उन्होंने बेन अफ्लेक के साथ शादी के बाद पहला वैलेंटाइन डे सेलिब्रेट किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर टैटू दिखाते हुए लिखा था, "कमिटमेंट… मेरे प्यार, हैप्पी वैलेंटाइन्स डे।" बेन अफ्लेक ने भी जेनिफर के लिए मैचिंग टैटू बनवाया था। हालांकि अब यह साफ नहीं है कि अभिनेता के पास वह टैटू अभी भी मौजूद है या नहीं।
गौरतलब है कि जेनिफर और बेन की पहली मुलाकात साल 2002 में फिल्म ‘गिगली’ के सेट पर हुई थी। दोनों ने उसी साल सगाई कर ली थी, लेकिन 2004 में उनका रिश्ता टूट गया। कई सालों बाद 2021 में दोनों फिर करीब आए और 2022 में शादी कर ली। हालांकि यह रिश्ता फिर भी ज्यादा लंबा नहीं चल सका। जेनिफर ने अगस्त 2024 में तलाक की अर्जी दी और जनवरी 2025 में दोनों का तलाक फाइनल हो गया।
इसने मुझे तोड़ दिया था
एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस तलाक का पछतावा है तो लोपेज ने कहा, "बिल्कुल नहीं। इसका मतलब यह नहीं है कि इसने मुझे लगभग हमेशा के लिए खत्म नहीं कर दिया था। यह लगभग खत्म ही हो गया था, लेकिन अब, इससे उबरने के बाद, मैं खुद से सोचती हूं... मुझे ठीक इसी की जरूरत थी। धन्यवाद, भगवान। मुझे माफ करना कि इसमें इतना समय लगा। मुझे माफ करना कि आपको मेरे साथ ऐसा कई बार करना पड़ा।"

