क्या डराना सही तरीका है?... पिता ने लैपटॉप को बनाया अल्ट्रासाउंड मशीन, बेटी को दिखाए पेट में कीड़े; यूजर्स ने किया ट्रोल
जंक फूड छुड़ाने के लिए पिता ने बेटी को दिखाया फर्जी अल्ट्रासाउंड, पेट में 'कीड़े' देखकर रो पड़ी बच्ची
Viral Video : बच्चों को जंक फूड से दूर रखना हर माता-पिता के लिए चुनौती होती है। कई पैरेंट्स इसके लिए प्यार से समझाते हैं, तो कुछ सख्ती का सहारा लेते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस बहस को एक अलग स्तर पर ले गया है। इसमें एक पिता अपनी बेटी को जंक फूड छोड़ने के लिए ऐसा तरीका अपनाता नजर आया, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी दो गुटों में बंट गए।
लैपटॉप को बनाया अल्ट्रासाउंड मशीन
इंस्टाग्राम पर आर्चना सिंह नाम के यूजर द्वारा शेयर किए गए वीडियो में पिता अपनी बेटी के पेट पर लैपटॉप से जुड़ा कंप्यूटर माउस घुमाता दिखाई देता है। वह इसे अल्ट्रासाउंड स्कैनर की तरह इस्तेमाल करता है। लैपटॉप की स्क्रीन पर एडिटेड विजुअल में बच्ची के पेट के अंदर कीड़े दिखाई देते हैं। पिता बच्ची से कहता है कि ये कीड़े जंक फूड खाने की वजह से उसके पेट में आए हैं। यह सुनते ही बच्ची डर जाती है और रोने लगती है। इसके बाद वह अपनी मां के पास दौड़कर जाती है और जंक फूड नहीं खाने का वादा करती है।
View this post on Instagram
‘एक ही बार में जंक फूड की आदत छुड़ा दी’
वीडियो पर लिखा है कि पिता के इस फर्जी अल्ट्रासाउंड ने बच्ची की जंक फूड खाने की आदत एक ही बार में छुड़ा दी। हालांकि, वीडियो का मकसद चाहे मजाक या आदत सुधारना रहा हो, इसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
किसी को लगा मजेदार, किसी ने जताई चिंता
कुछ यूजर्स ने इसे मजेदार और मासूम तरीका बताया, जबकि कई लोगों ने बच्ची को डराने पर सवाल उठाए। कुछ लोगों का कहना था कि बच्चों को डराकर आदत छुड़ाना उनके भावनात्मक विकास पर असर डाल सकता है।
एक यूजर ने लिखा, "यह मजेदार और बहुत मासूम है, लेकिन हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि बच्चे जो कुछ भी सीखते हैं, उसके लिए बड़े ही जिम्मेदार होते हैं।" एक यूजर ने रिएक्शन देते हुए कहा, "और फिर हमें हैरानी होती है जब बच्चे झूठ बोलने लगते हैं और छोटी-मोटी बातें बनाकर दूसरों को धोखा देने लगते हैं। सोचता हूं कि उन्होंने यह सब कहां से सीखा?"

