India vs England : लॉर्ड्स में क्रिकेट का रोमांच, स्टैंड्स में दिखा बॉलीवुड का जलवा... अक्षय-सैफ-तैमूर और कृति ने लूटी महफिल
टीम इंडिया की हौसला अफजाई करने पहुंचे अक्षय कुमार, सैफ-तैमूर भी आए नजर
India vs England : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में मैदान के साथ-साथ स्टैंड्स में भी सितारों का जलवा देखने को मिला। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, सैफ अली खान, उनके बेटे तैमूर अली खान और अभिनेत्री कृति सेनन मैच का रोमांच देखने पहुंचे। कैमरे बार-बार इन सितारों की ओर घूमते रहे और फैंस ने भी उनकी मौजूदगी का जमकर आनंद लिया।
अक्षय कुमार ने बढ़ाया टीम इंडिया का हौसला
अक्षय कुमार सफेद शर्ट, सफेद दाढ़ी और काले चश्मे में बेहद स्टाइलिश नजर आए। वह स्टैंड्स में बैठकर टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए। मैच के दौरान कई बार उनकी प्रतिक्रियाएं कैमरे में कैद हुईं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
धोनी के साथ बैठे नजर आए सैफ अली खान
सैफ अली खान अपने बेटे तैमूर के साथ लॉर्ड्स पहुंचे। खास बात यह रही कि वह पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी के साथ बैठे नजर आए। कृति सेनन भी इसी ग्रुप में मैच का लुत्फ उठाती दिखीं। सैफ ने ऑलिव ग्रीन ब्लेजर और टाई में शानदार लुक अपनाया, जबकि तैमूर कैजुअल अंदाज में नजर आए।
इंग्लैंड ने भारत के सामने रखा विशाल लक्ष्य
मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 141 और जैकब बेथेल ने 91 रन की शानदार पारी खेलकर 192 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। इसके बाद जो रूट ने 74 रन और जोस बटलर ने तेज रन जोड़कर इंग्लैंड का स्कोर 387 रन तक पहुंचा दिया।
भारतीय गेंदबाज रहे बेअसर
स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण मैच नहीं खेल सके, जिसका असर भारतीय गेंदबाजी पर साफ दिखा। प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और प्रिंस यादव ने एक विकेट लिया, लेकिन बाकी गेंदबाज महंगे साबित हुए। युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने 10 ओवर में 97 रन देकर लॉर्ड्स में भारत के लिए सबसे महंगे गेंदबाजी आंकड़ों का रिकॉर्ड बना दिया। अब भारत के सामने सीरीज जीतने के लिए 388 रन का बेहद कठिन लक्ष्य था।

