मैं नहीं कर रहा हूं ये शो... 25 साल छोटी हसीना के साथ एंट्री, फिर गुस्से में बेकाबू हुए राहुल रॉय; भारती की उड़ गईं हवाइयां
राहुल कलर्स के लोकप्रिय कुकिंग-एंटरटेनमेंट शो 'लाफ्टर शेफ 3' में मेहमान बनकर नजर आएंगे
90 के दशक में फिल्म 'आशिकी' से लाखों दिलों की धड़कन बने राहुल रॉय एक बार फिर चर्चा में हैं। लंबे समय बाद छोटे पर्दे पर उनकी वापसी होने जा रही है। राहुल कलर्स के लोकप्रिय कुकिंग-एंटरटेनमेंट शो 'लाफ्टर शेफ 3' में मेहमान बनकर नजर आएंगे। शो का नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है।
शानदार एंट्री ने जीता दिल
प्रोमो में राहुल रॉय अपनी सुपरहिट फिल्म 'आशिकी' के गाने के साथ स्टाइलिश अंदाज में एंट्री करते दिखाई देते हैं। उन्हें देखकर दर्शक और शो के कलाकार जोरदार तालियों से स्वागत करते हैं। एक पल के लिए ऐसा लगता है जैसे पुराने दौर का रोमांस और स्टारडम फिर लौट आया हो, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल पूरी तरह बदल जाता है।
निया शर्मा का नाम सुनते ही भड़के राहुल!
शो की होस्ट भारती सिंह जब राहुल रॉय को बताती हैं कि उनकी जोड़ी टीवी की ग्लैमरस स्टार निया शर्मा के साथ बनाई गई है और दोनों को मिलकर कुकिंग करनी होगी, तब अचानक राहुल का मूड बदल जाता है। प्रोमो में वह गुस्से में अपना गिटार जमीन पर पटक देते हैं और कहते हैं, "क्या... मैं नहीं कर रहा हूं ये शो।" राहुल का यह रूप देखकर सेट पर मौजूद सभी लोग हैरान रह जाते हैं। भारती सिंह और बाकी कलाकारों के चेहरे पर भी चौंकने वाले भाव नजर आते हैं।
निया ने संभालने की कोशिश की स्थिति
राहुल को शांत कराने के लिए निया शर्मा आगे आती हैं। वह समझाने की कोशिश करती हैं कि उनके बारे में जो भी बातें सुनाई गई हैं, वे गलत हैं। हालांकि प्रोमो में राहुल का गुस्सा कम होता नजर नहीं आता। यही वजह है कि दर्शकों के बीच यह एपिसोड चर्चा का विषय बन गया है।
असली गुस्सा या प्रमोशनल ट्विस्ट?
सोशल मीडिया पर प्रोमो वायरल होने के बाद फैंस अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग राहुल के व्यवहार को देखकर हैरान हैं, तो कई यूजर्स का मानना है कि यह सिर्फ दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के लिए किया गया मजेदार प्रमोशनल ट्विस्ट हो सकता है।
हाल के दिनों में राहुल रॉय एक वायरल रील वीडियो को लेकर भी चर्चा में रहे थे। उन्हें लंबे समय से बड़े प्रोजेक्ट्स नहीं मिले हैं और वह करियर में मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी है और लगातार काम की तलाश में जुटे हैं। अब 'लाफ्टर शेफ 3' में उनकी मौजूदगी फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है। सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि शो में राहुल का यह गुस्सा असली है या फिर मनोरंजन का हिस्सा।

