चंदू नहीं, चैंपियन हूं मैं... छोटे शहर के बड़े सपने को मिली उड़ान, नेशनल अवॉर्ड जीतकर भावुक हुए कार्तिक आर्यन
अभी भी एक्साइटमेंट और नर्वसनेस में हूं... नेशनल अवॉर्ड मिलते ही छलका कार्तिक आर्यन का दर्द
72th National Film Awards : बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में उन्हें फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। अवॉर्ड हासिल करने के बाद कार्तिक ने अपनी खुशी और भावनाएं मीडिया के सामने जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि वह इस पल को लेकर बेहद खुश हैं और अभी भी “स्पीचलेस” हैं।
राष्ट्रपति के संबोधन ने जीता दिल
अवॉर्ड लेने के बाद कार्तिक ने राष्ट्रपति का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने जिस तरह समारोह को संबोधित किया, वह उन्हें बेहद पसंद आया। सम्मान हासिल करने के दौरान अभिनेता काफी भावुक और उत्साहित नजर आए। उनके लिए यह उपलब्धि सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष और सपने के पूरा होने जैसा है।
View this post on Instagram
‘मम्मा बॉय’ से नेशनल अवॉर्ड विनर तक
सोशल मीडिया पर कार्तिक ने अपनी खुशी को और विस्तार से साझा किया। उन्होंने खुद को ग्वालियर का वह “मम्मा बॉय” बताया, जिसने ऐसे माहौल से निकलकर अभिनेता बनने का सपना देखा, जहां लोग अक्सर बड़े सपनों पर हंसकर आगे बढ़ जाते हैं। उन्होंने लिखा कि छोटे शहर के लड़के का सपना पूरा हुआ और यह उस हर अभिनेता का सपना है, जो देश में अभिनय के क्षेत्र में कुछ बड़ा करना चाहता है।
मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाना रहा चुनौतीपूर्ण
कार्तिक ने फिल्म के निर्देशक कबीर खान और निर्माता साजिद नाडियाडवाला का विशेष आभार जताया। उन्होंने भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने की जिम्मेदारी देने के लिए दोनों को धन्यवाद दिया। इस भूमिका के लिए कार्तिक ने जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन और कड़ी ट्रेनिंग की थी। उन्होंने अपने सफर को बेहद मुश्किल बताया, लेकिन कहा कि उसका नतीजा बेहद मीठा रहा।
माता-पिता को समर्पित किया सम्मान
कार्तिक ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, दोस्तों और पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद, बिना शर्त प्यार और दोस्तों का हौसला उनके सफर में लगातार साथ रहा। अभिनेता ने अपना यह सम्मान देश के हर पैरालंपियन को भी समर्पित किया।

