Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

IIT रुड़की का इंजीनियर बना ‘ढोंगी बाबा’! 'गंधर्व विवाह' के नाम पर करता था युवतियों से शोषण, मथुरा में ऐसे फंसा जाल में

IIT fake Baba: गोवर्धन के राधाकुंड में साधु बनकर रह रहा था आरोपी; पुलिस का दावा- ‘गंधर्व विवाह’ का झांसा देकर बनाता था संबंध, मोबाइल से मिले आपत्तिजनक फोटो-वीडियो

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
वीडियोग्रैब। वायरल वीडियो
Advertisement

IIT fake Baba: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने खुद को धर्म गुरु बताने वाले एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया है, जिस पर उच्च शिक्षित युवतियों को अध्यात्म और धार्मिक प्रवचनों के नाम पर अपने प्रभाव में लेकर उनका मानसिक एवं शारीरिक शोषण करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गोवर्धन के राधाकुंड स्थित शेरगढ़िया मोहल्ले से गिरफ्तार किया। मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

Advertisement

IIT रुड़की से इंजीनियरिंग, फिर साधु का वेश

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का निवासी है और उसने वर्ष 2017-2021 बैच में प्रतिष्ठित IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह पिछले चार वर्षों से मथुरा के राधाकुंड क्षेत्र में साधु के रूप में रह रहा था।

Advertisement

बताया जा रहा है कि वह ऑनलाइन माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता और धार्मिक विषयों पर प्रवचन देता था। इसी दौरान वह युवतियों, विशेषकर इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षित पृष्ठभूमि से आने वाली लड़कियों से संपर्क बनाता था।

‘गंधर्व विवाह’ का झांसा, शोषण के आरोप

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले ऑनलाइन भजन-कीर्तन और प्रवचनों के जरिए युवतियों को प्रभावित करता था। इसके बाद उन्हें अपने समूह में शामिल कर मानसिक रूप से प्रभावित करने का प्रयास करता था।

आरोप है कि वह अध्यात्म और धार्मिक मान्यताओं का हवाला देकर कथित ‘गंधर्व विवाह’ की बात करता था और फिर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। साथ ही, युवतियों को भावनात्मक रूप से प्रभावित कर उनके परिवारों से पैसे मंगवाने के आरोप भी लगे हैं।

पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिलने का दावा किया गया है।

पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई

मथुरा के एसपी (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, एक पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हालिया कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आश्रम से तीन युवतियों को भी रेस्क्यू किया है। उन्हें काउंसलिंग के लिए भेजा गया है।

पहले भी विवादों में रहा आश्रम

पुलिस के मुताबिक करीब छह महीने पहले भी एक युवती के परिजन उसे आश्रम से वापस ले गए थे, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी थी। बताया जा रहा है कि पहले आश्रम में करीब दो दर्जन युवक-युवतियां रहते थे, लेकिन समय के साथ कई लोग वहां से चले गए।

आरोपी ने आरोपों को बताया झूठा

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और उसे फंसाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के संपर्क में और कितने युवक-युवतियां आए थे।

Advertisement
×