भारत मां है तो पाकिस्तान मौसी... सनी देओल के बयान से मचा बवाल, यूजर्स बोले- मौके का फायदा उठाने में माहिर
सनी देओल का बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया
आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म 'बंटवारा 1947' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म की स्टारकास्ट इन दिनों जोर-शोर से प्रमोशन में जुटी है। इसी दौरान फिल्म के लीड एक्टर सनी देओल का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। बयान को लेकर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
विभाजन से पहले दोनों देश एक थे
फिल्म प्रमोशन के दौरान एक पत्रकार ने सनी देओल से पूछा कि वह पड़ोसी देश पाकिस्तान को किस नजरिए से देखते हैं। इसके जवाब में अभिनेता ने कहा कि विभाजन से पहले दोनों देश एक थे। उन्होंने अपने पिता के हवाले से कहा कि भारत मां है और पाकिस्तान भारत से निकला है, इसलिए वह मौसी जैसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
पाकिस्तान को 'मौसी' कहना असहज कर रहा
सनी का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ यूजर्स ने उनके बयान की आलोचना करते हुए इसे अनुचित बताया। लोगों का कहना है कि 'बंटवारा 1947' जैसी फिल्म, जो विभाजन, सांप्रदायिक हिंसा और विस्थापन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, उसके प्रचार के दौरान पाकिस्तान को 'मौसी' कहना उन्हें असहज कर रहा है।
मौके का फायदा उठाना एक कला है तो सनी माहिर
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सनी देओल पर फिल्म के प्रचार के लिए विवादित बयान देने का आरोप लगाया। एक यूजर ने लिखा कि अगर मौके का फायदा उठाना एक कला है तो सनी देओल इसमें माहिर हैं। वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने उनके चर्चित किरदार तारा सिंह और फिल्म 'गदर' का जिक्र करते हुए सवाल उठाए।

