मैंने तुम्हें गलत समझा... अविका की आंखों में आंसू, जैस्मिन ने लगाया गले; पुरानी गलतफहमियां भूलकर फिर दोस्त बनीं दोनों एक्ट्रेस
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में अविका गौर और जैस्मिन भसीन ने भावुक होकर मांगी माफी
Khatron Ke Khiladi 15 : टीवी की दुनिया की दो मशहूर अभिनेत्रियां अविका गौर और जैस्मिन भसीन एक बार फिर दोस्त बन गई हैं। कभी बेहद करीब रहीं दोनों के बीच समय के साथ दूरी आ गई थी। ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के हालिया एपिसोड में दोनों के बीच का भावुक पल देखने को मिला, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुरानी गलतफहमी पर अविका हुईं इमोशनल
शो के दौरान अविका गौर ने जैस्मिन से अपने पुराने व्यवहार के लिए माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अतीत में जैस्मिन को गलत समझा और जानबूझकर उनसे दूरी बनाए रखी। माफी मांगते हुए अविका भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान जैस्मिन ने भी उन्हें गले लगाया और पुरानी बातों को पीछे छोड़ दिया। दोनों का यह इमोशनल रीयूनियन फैंस को भी काफी पसंद आया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दोस्ती का पल
अविका और जैस्मिन के इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। दोनों के फैन क्लब्स ने उनके दोबारा करीब आने पर खुशी जताई। बता दें कि दोनों अभिनेत्रियां इससे पहले भी ‘खतरों के खिलाड़ी 9’ में साथ नजर आ चुकी हैं। ऐसे में शो के नए सीजन में उनकी दोस्ती का दोबारा लौटना फैंस के लिए भी खास बन गया है।
अविका ने बताया शो का असली डर
शो के दौरान जहां दोस्ती का नया चैप्टर शुरू हुआ, वहीं अविका ने अपने एक्सपीरियंस को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शो शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन उनके लिए पिछला सीजन ज्यादा मुश्किल था। अविका के कहा कि इस बार किए गए स्टंट उन्हें उतने डरावने नहीं लगे, जितने पहले सीजन में लगे थे। हालांकि, दूसरे कंटेस्टेंट्स को स्टंट के दौरान घायल होते और भावनात्मक रूप से टूटते देखना उनके लिए काफी मुश्किल रहा।

