'मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था'... नहीं रहे वेलकम के बल्लू, 15 दिन से अस्पताल में थे भर्ती
मुश्ताक खान लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे
'वेलकम', 'गदर' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी हिट फिल्मों सहित 500 से अधिक फिल्मों में अपने किरदार के लिए मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का कैंसर से निधन हो गया। उनके बेटे मोहसिन ने यह जानकारी दी। वह 75 वर्ष के थे।
मुश्ताक खान को करीब दो सप्ताह पहले मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मोहसिन ने बताया कि कैंसर के कारण शाम करीब सात बजे (आज) नानावटी अस्पताल में उनका (मुश्ताक खान का) निधन हो गया। उन्होंने पेट दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद हम उन्हें अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों को पता चला कि उन्हें कैंसर है। पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
उन्होंने कहा कि वह बिल्कुल ठीक थे और उन्हें कोई बड़ी पेरशानी नहीं थी। अस्पताल में भर्ती होने से पहले वह शेरा (सलमान खान के अंगरक्षक) के बेटे की पहली फिल्म में शूटिंग कर रहे थे।'' मुश्ताक खान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। मुश्ताक के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

