Prayagraj News: मैं 41 की हो गई हूं, मेरी शादी करा दो प्लीज... प्रयागराज में थाने पहुंची महिला ने लगाई गुहार
Prayagraj News: सराय इनायत थाने में शिकायत; भाई-भाभी पर रिश्ते ठुकराने, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के आरोप
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र में एक 41 वर्षीय महिला ने अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके परिजन जानबूझकर उसकी शादी नहीं करवा रहे हैं और वर्षों से उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मनापुर गांव निवासी माधुरी पटेल ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि वह शादी करना चाहती हैं, लेकिन उनके भाई-भाभी हर बार आने वाले रिश्तों को ठुकरा देते हैं। उनका कहना है कि परिवार शादी के खर्च से बचने के लिए ऐसा कर रहा है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार की जमीन भाई ने अपने नाम करा ली है, लेकिन उसके विवाह के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं निभा रहा। शिकायत में उसने अपने पिता, माता, भाई, भाभी और बहन का नाम शामिल किया है।
महिला का कहना है कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से अलग रह रही है और खुद काम करके अपना गुजारा करती है। उसने परिवार पर गाली-गलौज, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के भी आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, एक दिन परिजनों ने उसके कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट भी की। महिला ने कहा कि उसे खाने-पीने तक के लिए परिवार से कोई मदद नहीं मिलती।
महिला ने पुलिस से अपील की है कि कृपया उसकी शादी किसी अच्छे व्यक्ति से कराई जाए ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

