मुझे हमेशा यह सुकून मिलता था कि... अनुपम खेर ने हटाईं अपनी आइकॉनिक मूंछें, नए लुक ने फैंस को किया हैरान
555वीं फिल्म का सस्पेंस और अनुपम खेर का नया लुक, आखिर किस किरदार में आएंगे नजर?
Anupam Kher Transformation : बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स में से एक में नए अवतार में नजर आने वाले हैं। इस किरदार के लिए एक्सीरियंस एक्टर को अपनी पहचान बन चुकी मूंछों को अलविदा कहना पड़ा। हालांकि उनके लिए मूंछें हटाना आसान नहीं था, क्योंकि इनसे उन्हें हमेशा एक तरह का सुकून मिलता था, लेकिन अब अनुपम खेर अपने नए लुक का मजा ले रहे हैं और उन्हें यह बदलाव पसंद आ रहा है।
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "मैं शायद ही कभी अपनी मूंछें हटाता हूं। इनसे मुझे हमेशा यह सुकून मिलता था कि असल में, मेरे बाल हैं!! लेकिन एक फिल्म के लिए नए लुक की जरूरत थी, इसलिए मूंछों की कुर्बानी देनी पड़ी। और मुझे मानना होगा... मुझे बिना मूंछों वाली ये तस्वीरें काफी पसंद आ रही हैं! आप क्या सोचते हैं? क्या मूंछों की वापसी होनी चाहिए या उन्हें लंबी छुट्टी पर रहने देना चाहिए? #HairTodayGoneTomorrow #Moustache।"
View this post on Instagram
इन तस्वीरों में एक्टर अपना नया लुक दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि अनुपम खेर ने यह नहीं बताया कि उन्होंने किस फिल्म के लिए अपनी मूंछें हटाई हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि यह नया लुक उनकी 555वीं फिल्म के लिए हो सकता है। इससे पहले एक्टर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर शेयर करते हुए अपनी "खास 555वीं फिल्म" की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने फिल्म का नाम, कास्ट या प्रोजेक्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और फैंस से सही समय का इंतजार करने को कहा।
यह घोषणा करते हुए खेर ने लिखा कि वह कुछ समय से इस खबर को अपने तक ही सीमित रखे हुए थे और इसे सही समय आने पर ही बताना चाहते थे। उन्होंने लिखा, "घोषणा!! कुछ बातें कुछ समय तक दिल के करीब रखना ही बेहतर होता है!! क्योंकि सही समय पर उन्हें बताने की खुशी ही कुछ और होती है।" इसके बाद खेर ने बताया कि आने वाला प्रोजेक्ट उनकी 555वीं फिल्म होगी।
उन्होंने फैंस से यह भी कहा कि जब तक और जानकारी नहीं दी जाती, तब तक वे भी उनके साथ इस सस्पेंस का मजा लें। एक्टर ने आगे कहा, "तो, अभी के लिए, मैं बस इतना ही कहूंगा: मुझे अपनी खास 555वीं फिल्म की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। जानकारी सही समय पर दी जाएगी। तब तक, कृपया मुझे भी इस सस्पेंस का मजा लेने दें! जय हो।"

