चाय बनाने में कितना टाइम लगता है भाई?... किचन में गरमाया माहौल, बिग बॉस 20 में आमने-सामने रीति तिवारी और मैरी कॉम
बिग बॉस 20 का किचन बना अखाड़ा, रीति-मरी कॉम में तीखी बहस
Bigg Boss 20 : टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 20 ने शुरुआत के साथ ही अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। घर में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती, रणनीति और नोकझोंक का दौर शुरू हो चुका है। अब शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें बॉलीवुड और सोशल मीडिया से जुड़े नामों के बीच तकरार देखने को मिल रही है। इस बार रीति तिवारी और बॉक्सर मैरी कॉम आमने-सामने नजर आईं।
किचन बना विवाद की वजह
प्रोमो में दिखाया गया है कि घर के किचन में काम को लेकर मैरी कॉम कुछ कंटेस्टेंट्स से ड्यूटी के बारे में पूछती हैं। मैरी कॉम घरवालों से पूछती हैं कि किसे कौन-सी किचन ड्यूटी मिली है। इस पर रीति तिवारी उन्हें बोलती हैं, "बर्तन की मेरी ही ड्यूटी है... मैं पहले चाय बना रही हूं।" मैरी कॉम इस पर तीखे अंदाज में सवाल करती हैं, "चाय बनाने में कितना टाइम लगता है भाई?" रीति जवाब देती हैं, "अगर इतनी जल्दी है तो आप बना लीजिए।"
View this post on Instagram
‘मेरी ड्यूटी मुझे पता है’
यहीं से बातचीत का टोन बदलता दिखाई देता है। आगे मैरी उसे बोलती हैं, "तो दूसरे के बीच में मत घुसो ना।" बहस बढ़ने पर रीति तिवारी कहती हैं, "मेरी ड्यूटी है, मुझे पता है कि मुझे क्या करना है। मैं आपका सम्मान करती हूं, लेकिन मेरे पीठ-पीछे बात मत करो।" इसके जवाब में मैरी कहती है, "पूरी दुनिया मुझे जानती है। यहां पर कौन है, जो मुझे नहीं जानता।" दोनों के बीच बढ़ती बहस ने घर का माहौल काफी गर्म कर दिया।
ड्यूटी से शुरू हुई बात, टकराव तक पहुंची
दरअसल, बिग बॉस के घर में किचन और सफाई जैसी जिम्मेदारियां कंटेस्टेंट्स के बीच बांटी जाती हैं। मैरी कॉम यह सुनिश्चित करना चाहती दिखीं कि हर सदस्य अपनी ड्यूटी समय पर पूरी करे। वहीं रीति को लगा कि उनकी जिम्मेदारी पर जरूरत से ज्यादा सवाल उठाए जा रहे हैं, जिसके बाद मामला बहस में बदल जाता है।

