Hina Vs Shilpa : सभी क्रिमिनल्स को बरी करें... अंगूरी भाभी-अक्षरा बहू में कैटफाइट, हिना खान ने PM मोदी से कर डाली ये रिक्वेस्ट
एक कबूलनामे ने मचा दी हलचल, 11 साल पुराने केस पर शिल्पा शिंदे और हिना खान में छिड़ी जंग
Hina Vs Shilpa : टीवी इंडस्ट्री की दो फेमस एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे और हिना खान इन दिनों सोशल मीडिया पर आमने-सामने नजर आ रही हैं। विवाद की शुरुआत तब हुई जब शिल्पा शिंदे ने एक पॉडकास्ट में अपने 11 साल पुराने सेक्सुअल हैरेसमेंट मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने दावा किया कि शो के प्रोड्यूसर पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं।
शिल्पा के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। जहां कुछ लोगों ने उनकी ईमानदारी की तारीफ की, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने इसे गंभीर मुद्दे का मजाक बताया। वहीं, इसी मुद्दे को लेकर शिल्पा और हिना के बीच कैटफाइट शुरु हो गई है।
हिना खान ने उठाए सवाल
शिल्पा के बयान पर हिना ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि किसी पर झूठा आरोप लगाना कितना गंभीर अपराध हो सकता है। अगर ऐसे आरोपों की वजह से किसी की शादी टूट जाती, करियर खत्म हो जाता या वह मानसिक रूप से टूटकर कोई बड़ा कदम उठा लेता, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता? उन्होंने इसे महिलाओं की विश्वसनीयता और न्याय व्यवस्था दोनों के लिए नुकसानदायक बताया।
View this post on Instagram
शिल्पा का पलटवार
हिना की टिप्पणी के बाद शिल्पा शिंदे भी चुप नहीं रहीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर हेटर्स और ट्रोल्स को जवाब दिया। वीडियो में उन्होंने बिना नाम लिए हिना खान पर निशाना साधा और कहा कि जिन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है, उन्हें इस पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। कुछ लोग आज भी उनके नाम का इस्तेमाल करके सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ट्रोलिंग को अइग्नोर करते हुए साफ कहा कि उन्हें किसी की ट्रोलिंग से फर्क नहीं पड़ता।
बिग बॉस की पुरानी रंजिश फिर आई सामने?
हिना खान ने इसके बाद एक और पोस्ट साझा कर शिल्पा को करारा जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि यह कोई रियलिटी शो नहीं है और उसे खत्म हुए करीब 9 साल हो चुके हैं। ऐसे में पुरानी बातों को बार-बार उठाना बंद कर देना चाहिए। यह किसी पर्सनल दुश्मनी का मामला नहीं, बल्कि सही और गलत के बीच की बहस है। महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई तभी मजबूत होगी जब महिलाएं अपनी गलतियों पर भी खुलकर सवाल उठाएंगी।
पीएम मोदी से अपील वाला पोस्ट बना चर्चा का विषय
विवाद उस समय और बढ़ गया जब हिना खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए नेताओं और कानून व्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंंने पोस्ट में लिखा, "देश के माननीय प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और कानून मंत्री, प्लीज जेल से उन सभी क्रिमिनल्स को रिहा कर दो जो जुर्म करके गुनाह कुबूल कर चुके हैं। क्योंकि वो फाइटर्स हैं और वो सच के साथ खड़े रहे। जब उन्होंने क्राइम किया था तो किसी ने उनका साथ नहीं दिया।" इस पोस्ट के साथ हिना ने लाफिंग और सरप्राइजिंग इमोजी बनाया।
सोशल मीडिया पर बंटे फैंस
इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। एक तरफ शिल्पा शिंदे की साफगोई को सराह रहा है, जबकि दूसरी ओर हिना खान के तर्कों का समर्थन किया जा रहा है। बहस अब केवल दो एक्ट्रेस तक सीमित नहीं रही, बल्कि झूठे आरोपों, महिला अधिकारों, न्याय व्यवस्था और #MeToo जैसे संवेदनशील मुद्दों तक पहुंच गई है।
