Govinda-Sunita Controversy : 'अपनी लिमिट में रहें'... गोविंदा-सुनीता के बीच फिर बढ़ी तल्खी? एक्टर बोले- मेरी इज्जत और करियर पर असर न डालें
सुनीता के कमेंट पर गोविंदा का करारा जवाब, बोले- ‘मैं बदनाम नहीं होना चाहता’
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा सार्वजनिक बयानों को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में गोविंदा के एक महिला को-स्टार के साथ नजर आने पर सुनीता की टिप्पणी के बाद अब अभिनेता ने वीडियो संदेश जारी कर प्रतिक्रिया दी है। गोविंदा ने सुनीता से अपील की कि वह सार्वजनिक तौर पर ऐसी बातें न कहें, जिनसे उनकी प्रतिष्ठा और करियर प्रभावित हो।
‘मैं लोगों के दिलों में अपनी जगह नहीं खोना चाहता’
गोविंदा ने कहा कि उन्होंने हाल ही में एक फिल्म पर काम शुरू किया है। वह नहीं चाहते कि वर्षों की मेहनत से दर्शकों के बीच बनाई गई उनकी छवि को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं लोगों के दिलों में अपनी जगह नहीं खोना चाहता। मैं बदनाम नहीं होना चाहता और न ही अपना काम खोना चाहता हूं। अभिनेता ने यह भी याद दिलाया कि जब सुनीता ने ‘लाफ्टर शेफ्स’ और ‘लॉक अप’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया, तब उन्होंने उनके फैसलों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि काम करना उनका अधिकार है। उन्होंने हमेशा इसका सम्मान किया।
‘ऐसे बदनाम न करें कि लोग इंडस्ट्री से डरकर भाग जाएं’
गोविंदा ने फिल्म इंडस्ट्री में आने वाले नए कलाकारों का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को इतना बदनाम नहीं किया जाना चाहिए कि वे अपना करियर बनाने से डर जाएं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में बड़े कलाकारों ने नए कलाकारों के साथ काम किया है और इससे उन्हें पहचान, फिल्में और सम्मान हासिल करने में मदद मिली। उन्हें भी युवा कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिलना चाहिए और इसे लेकर किसी तरह की गलत धारणा नहीं बनाई जानी चाहिए।
सुनीता के बयान पर गोविंदा की सीधी अपील
गोविंदा ने अपने संदेश में सुनीता से सीधे कहा कि भविष्य में एक-दूसरे की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए उन्हें सार्वजनिक रूप से इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, “इसलिए कृपया ऐसे बयान न दें।” अंत में अभिनेता ने कहा, “कृपया अपनी सीमा में रहें। मैं आपसे प्रार्थना करता हूं।”
किस बयान के बाद शुरू हुआ विवाद?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब सुनीता आहूजा ने गोविंदा के हालिया सार्वजनिक कार्यक्रमों और उनकी एक महिला सह-कलाकार के साथ नजर आने पर टिप्पणी की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गोविंदा को महिला कलाकार के साथ पैपराजी के लिए पोज देते देखा गया था। इसके बाद सुनीता ने कहा कि उन्हें इस तरह की चीजों पर शर्म आनी चाहिए। अब गोविंदा के जवाब के बाद दोनों के सार्वजनिक बयानों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

